कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने मालगांव में धान खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण –

Nov 24, 2025 - 21:01
कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने मालगांव में धान खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण –
CG VARTA -

जगदलपुर, 24 नवम्बर 2025/ कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने सोमवार को बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत मालगांव में धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण कर धान की तौल हेतु इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा की व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, डनेज की व्यवस्था, किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था इत्यादि के बारे में जानकारी ली और किसानों के धान खरीदी हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मालगांव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का भी जायजा लिया और उक्त कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाने कहा।

   

      कमिश्नर ने मालगांव धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी के उपरांत सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त स्थल की उपलब्धता हेतु लेम्प्स के समीप खाली जगह को समतलीकरण सहित साफ-सफाई करने और डनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान किसानों से भी रूबरू होकर धान विक्रय करने के बारे में चर्चा की। इस दौरान अवगत कराया गया कि धान खरीदी केन्द्र में 617 किसान पंजीकृत हैं और वर्तमान में 25 हजार नए बारदाने एवं दो हजार पुराने बारदाने उपलब्ध है। कमिश्नर ने मतदान केंद्र क्रमांक एक मालगांव तथा मतदान केंद्र क्रमांक दो मालगांव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली और इसे नियत समय पर पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर बताया गया कि मतदान केंद्र मालगांव एक में 60 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, वहीं मतदान केंद्र मालगांव दो में 58 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन और डिजिटाइजेशन पूर्ण हो गया है।

       कमिश्नर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों का स्थानीय स्तर पर दस्तावेज की उपलब्धता, मतदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन देने सहित मुनादी इत्यादि के लिए सहयोग लेने कहा। साथ ही बीईओ एवं बीआरसी को भी जिम्मेदारी देकर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य में अद्यतन प्रगति लाए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी जागेश्वरी पोयाम तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।