कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने सीईओ जिला पंचायत की संभाग स्तरीय बैठक में पुनर्वास केन्द्रों के बेहतर संचालन पर दिया बल
पुनर्वासितों के समुचित पुनर्वास हेतु करें सार्थक प्रयास– कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह
जगदलपुर, 29 नवम्बर 2025/ बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने कहा है कि पुनर्वासितों के समुचित पुनर्वास के लिए प्रशासन को और अधिक सार्थक एवं संवेदनशील प्रयास करने होंगे। समाज की मुख्यधारा में लौट चुके इन सदस्यों को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थिर जीवन उपलब्ध कराने के लिए सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इन्हें पात्रता के अनुरूप शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजनाओं से सेचुरेशन किया जाए। कमिश्नर बस्तर श्री सिंह शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बस्तर के सभी सीईओ जिला पंचायत की संभाग स्तरीय बैठक में पुनर्वास केन्द्रों के बेहतर संचालन पर बल देते हुए उक्त निर्देश दिए।

कमिश्नर सिंह ने कहा कि पुनर्वासितों को केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें आजीविका के मजबूत साधन, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर, शिक्षा और परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पुनर्वासितों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को समझते हुए विभागीय समन्वय के साथ कार्य किया जाए ताकि प्रत्येक व्यक्ति को परिवार जैसा माहौल मिल सके और वे समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि पुनर्वास कार्यक्रमों का वास्तविक प्रभाव तभी दिखाई देगा जब लाभार्थियों को समय पर सहायता, मार्गदर्शन और निगरानी मिले।
बैठक में पुनर्वासितों को कौशल विकास प्रशिक्षण सहित पात्रतानुसार प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत सेचुरेशन प्रगति और आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक खाता खोले जाने के साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं से सेचुरेशन करने के लिए सम्बंधित विभागों के समन्वय स्थापित कर शिविरों का आयोजन इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही पुनर्वास केन्द्रों में पुनर्वासितों को दैनिक उपयोगी सामग्रियों का किट प्रदाय सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा टेलीविजन, खेल सामग्री एवं वाद्य यंत्रों की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए गए। वहीं इन पुनर्वासितों को बेसिक शिक्षा से जोड़ने के लिए नियमित तौर पर साक्षरता कक्षाएं चलाए जाने कहा गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक-शैक्षणिक भ्रमण करवाने तथा कृषि एवं कृषि के आनुशांगिक पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन गतिविधियों के लिए भी प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए गए। पुनर्वास केन्द्रों पर उक्त पुनर्वासितों को सप्ताह में एक बार अपने परिजनों से मुलाकात करने हेतु अवसर प्रदान कर घर-परिवार तथा रिश्तेदारों के बीच पारीवारिक वातावरण मुहैया करवाने के निर्देश दिए गए।
कमिश्नर ने बैठक में पुनर्वास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर कहा कि सभी जिले विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर नियमित रूप से प्रेषित करें, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। बैठक में सीईओ जिला पंचायत बस्तर श्री प्रतीक जैन सहित डिप्टी कमिश्नर श्री बीएस सिदार एवं गीता रायस्त और अन्य विभागों के संभागीय अधिकारी मौजूद थे। वहीं अन्य जिलों के अधिकारी वर्चुअल तौर पर जुड़े रहे।