प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली विधवा गंगा आलम की जिंदगी, दो बच्चों के साथ अब सुरक्षित आशियाने में गुजर रहा जीवन

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Sep 22, 2026 - 07:46
प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली विधवा गंगा आलम की जिंदगी, दो बच्चों के साथ अब सुरक्षित आशियाने में गुजर रहा जीवन
CG VARTA -

बीजापुर, 21 सितम्बर 2026/ बरसात का मौसम आते ही कच्चे मकान की छत से टपकता पानी और घर में बनी रहने वाली नमी गंगा आलम के परिवार के लिए वर्षों तक परेशानी का कारण रही। कृषि मजदूरी के सहारे अपने दो बच्चों का पालन-पोषण करने वाली गंगा आलम के लिए पक्का मकान कभी एक सपना था। आज प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनका यह सपना साकार हो चुका है। अब वे अपने बच्चों के साथ सुरक्षित और पक्के घर में सुकून से जीवन बिता रही हैं।

संघर्षों के बीच बच्चों की परवरिश

नगरीय क्षेत्र भोपालपटनम के वार्ड क्रमांक 04 निवासी गंगा आलम, पति स्वर्गीय आलम पेंटैया, अपने दो बच्चों के साथ लंबे समय तक कच्चे मकान में रहती थीं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। आजीविका के लिए वे कृषि मजदूरी पर निर्भर थीं।

बारिश के दिनों में उनकी परेशानी और बढ़ जाती थी। कच्ची छत से पानी टपकने के कारण घर के भीतर नमी बनी रहती और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद गंगा आलम ने हिम्मत नहीं छोड़ी और अपने परिवार को बेहतर जीवन देने की उम्मीद बनाए रखी।

योजना ने दिखाया पक्के घर का रास्ता

वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी घटक के अंतर्गत ‘मोर जमीन मोर मकान’ योजना की जानकारी नगर पंचायत भोपालपटनम के अधिकारियों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की टीम के माध्यम से गंगा आलम तक पहुंची। योजना की जानकारी मिलने के बाद उनका आवेदन तैयार कराया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आवास स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया।

आवास स्वीकृत होने के बाद गंगा आलम ने अपनी आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप मेहनत करते हुए धीरे-धीरे अपने पक्के मकान का निर्माण पूरा किया।

मेहनत से साकार हुआ सपनों का आशियाना

आर्थिक कठिनाइयों के बीच परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए गंगा आलम ने अपने पक्के घर का निर्माण पूरा किया। जिस सुरक्षित घर की उन्होंने कभी कल्पना की थी, आज वही उनका अपना आशियाना है।

पक्की छत मिलने से उन्हें बारिश और मौसम की परेशानियों से राहत मिली है। साथ ही बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण और परिवार के भविष्य को लेकर भरोसा भी बढ़ा है। उनके लिए यह मकान केवल ईंट और सीमेंट से बनी संरचना नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष के बाद मिली सुरक्षा, सम्मान और स्थिरता का आधार है।

चेहरे पर संतोष, मन में आभार

अपने पक्के आवास को लेकर गंगा आलम के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई देती है। वे इस बदलाव के लिए नगर पंचायत भोपालपटनम, राज्य शासन एवं प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।

गंगा आलम की कहानी बताती है कि शासन की योजनाएं जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचती हैं, तो उनका प्रभाव केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहता। एक पक्का घर परिवार को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी देता है।

संघर्ष से सम्मान तक

कभी बारिश के दिनों में टपकती छत के नीचे बच्चों के साथ रात गुजारने वाली गंगा आलम आज अपने पक्के घर में चैन की जिंदगी जी रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिए केवल एक आवास नहीं, बल्कि वर्षों पुराने सपने के साकार होने और संघर्ष से सम्मान तक पहुंचने की “सेवा की कहानी” है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।