सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संभाग स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

जन सूचना अधिकारियों एवं प्रथम अपीलीय अधिकारियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया का दिया गया प्रशिक्षण

Nov 2, 2026 - 17:05
सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संभाग स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित
CG VARTA -

जगदलपुर, 02 नवम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के निर्देशानुसार सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ऑनलाइन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कमिश्नर कार्यालय जगदलपुर में सोमवार को संभाग स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में संभाग के विभिन्न विभागों के जन सूचना अधिकारियों एवं प्रथम अपीलीय अधिकारियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

       प्रशिक्षण सह कार्यशाला में छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के मास्टर ट्रेनर्स हेमंत शांडिल्य,  विकास ब्रोकर एवं शिव सिंह चंदेल ने अधिकारियों को सूचना के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत ऑनलाइन प्रणाली के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने अधिकारियों को रजिस्ट्रेशन एवं ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराते हुए ऑनलाइन माध्यम से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान अधिकारियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों एवं तकनीकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।

     कार्यशाला में जन सूचना अधिकारियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र प्राप्त करने, आवेदनों का नियमानुसार निराकरण करने तथा आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप वांछित सूचना उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से बताया गया। साथ ही ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया में आम नागरिकों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के पहलुओं से भी अवगत कराया गया।

     प्रशिक्षकों ने बताया कि सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत ऑनलाइन व्यवस्था के प्रभावी उपयोग से नागरिकों को सूचना प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा शासकीय कार्यालयों में आवेदन एवं उनके निराकरण की प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी और व्यवस्थित बन सकेगी। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को ऑनलाइन प्रणाली की प्रक्रिया को गंभीरता से समझने और अपने कार्यालयों में इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

     प्रशिक्षण सह कार्यशाला में डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त सहित विभिन्न विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी, जन सूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।