विकासखंड बकावंड में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा हेतु द्वितीय मॉक टेस्ट संपन्न; 100 विद्यार्थियों ने लिया भाग
रिपोर्ट – जय शंकर पांडे
3 अक्टूबर 2026, बकावंड/ कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आज, 3 अक्टूबर 2026 को विकासखंड बकावंड में जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा की तैयारी हेतु द्वितीय मॉक टेस्ट का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास परीक्षा में कुल 100 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए।
मॉक टेस्ट संपन्न होने के पश्चात विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा प्रश्न-पत्र को विस्तार से हल कराया गया तथा छात्र-छात्राओं को समय प्रबंधन और परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण बारीकियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर आकाश छिकाराजी द्वारा सभी परीक्षार्थियों को नोटबुक एवं पेन वितरित किए गए। उन्होंने बच्चों को परीक्षा के तनाव व भय से मुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की समझाइश दी और उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के दौरान बस्तर जिले के डीएमसी (DMC) अशोक पांडेजी ने केंद्र का सघन अवलोकन किया। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा, "परीक्षा में सफलता या असफलता मुख्य विषय नहीं है; सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम प्रत्येक परीक्षा में सम्मिलित हों और पूरे साहस व लगन के साथ उसका सामना करें।"
मॉक टेस्ट का अवलोकन तहसीलदार बकावंड के द्वारा भी किया गया उन्होंने सभी शिक्षकों के प्रयास की सराहना करते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी.
विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) चंद्रशेखर यादव ने सफल आयोजन के लिए प्राचार्य अनीता मिंज एवं समस्त शिक्षक साथियों की सराहना करते हुए कहा कि विकासखंड बकावंड को शैक्षणिक गुणवत्ता में अग्रणी बनाए रखने में सभी का निरंतर सहयोग सराहनीय है।
इस दौरान विकासखंड स्रोत समन्वयक (BRC) सोनसिंह बघेल सहित समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
