कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने संभाग स्तरीय दिव्यांग शिविर में लाभान्वित हुए दिव्यांगजनों से रूबरू होकर उनका हौसला बढ़ाया
सेवा संकल्प अभियान
जगदलपुर, 07 अक्टूबर 2026/ कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने बुधवार को स्थानीय धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित संभाग स्तरीय दिव्यांग शिविर का अवलोकन कर दिव्यांगजनों का पंजीयन, स्वास्थ्य जांच तथा उनकी जरूरत के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय स्थिति के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने इस दौरान शिविर में लाभान्वित हुए दिव्यांगजनों से रूबरू होकर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें शासन की योजनाओं से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया।
ज्ञात हो कि स्वयंसेवी संस्था भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति एवं एनएसई फाउंडेशन से प्रायोजित तथा जिला प्रशासन के सहयोग से जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में गत 05 अक्टूबर से 07 अक्टूबर तक तीन दिवसीय संभाग स्तरीय दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया है।
जिसमें बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर जिले के दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सुविधा प्रदान करने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अभिप्रेरित कर हरसंभव सहयोग प्रदान करना है।
