जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए विद्यार्थी, जांगला में शैक्षणिक भ्रमण के दौरान जाना सुरक्षित पेयजल का महत्व

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Oct 10, 2026 - 19:50
Oct 10, 2026 - 19:50
जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए विद्यार्थी, जांगला में शैक्षणिक भ्रमण के दौरान जाना सुरक्षित पेयजल का महत्व
CG VARTA -

बीजापुर 10 अक्टूबर 2026- जल जीवन मिशन अंतर्गत “एक जिला-एक विद्यार्थी भ्रमण एक उत्कृष्ट कार्य” पहल के तहत जिला बीजापुर के विकासखंड भैरमगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत जांगला में शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

 इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों, पेयजल व्यवस्था तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ग्रामीण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, जल स्रोतों के रखरखाव, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा जल जीवन मिशन के संचालन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नल-जल योजनाओं की कार्यप्रणाली को समझा और पेयजल व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

जल गुणवत्ता परीक्षण की दी गई व्यावहारिक जानकारी- भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया। उन्हें बताया गया कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल प्रत्येक व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। जल की गुणवत्ता की नियमित जांच से दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलती है। साथ ही विद्यार्थियों को जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा पानी का उपयोग सावधानीपूर्वक करने के लिए प्रेरित किया गया।

जल संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता पर जोर- विद्यार्थियों को बताया गया कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल नल के माध्यम से घरों तक पानी पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जल स्रोतों का संरक्षण, पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखना, योजनाओं का उचित रखरखाव और ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। ग्राम पंचायत, जल समिति और ग्रामीणों के सहयोग से ही पेयजल व्यवस्था को लंबे समय तक सुचारु एवं टिकाऊ बनाया जा सकता है। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को समझने और जल संरक्षण के महत्व को जानने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में स्वच्छ पेयजल, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जल संरक्षण का संदेश-

 कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि जल हमारे जीवन का आधार है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पानी की बर्बादी रोकने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक रहने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इस प्रकार “एक जिला-एक विद्यार्थी भ्रमण एक उत्कृष्ट कार्य” पहल विद्यार्थियों को जल संरक्षण और जनभागीदारी के महत्व से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास साबित हुई।

 कार्यक्रम में सहायक अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री अशोक राज, जिला समन्वयक टोपेश्वर साहू सहित विभागीय अमला उपस्थित थे।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।