30 अक्टूबर तक अधिकाधिक प्रतिभागियों का पंजीयन सुनिश्चित करें, व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर – कमिश्नर डोमन सिंह
बस्तर ओलम्पिक 2026 की तैयारियां समयपूर्व पूर्ण करें-कमिश्नर डोमन सिंह
जगदलपुर, 27 अक्टूबर 2026/ कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर ओलम्पिक 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संभाग के सभी जिलों में आयोजन से संबंधित तैयारियों को समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलम्पिक युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और खेल के माध्यम से सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके मद्देनजर सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दें।
बैठक में संभाग के सभी जिलों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए कमिश्नर ने ब्लॉक स्तरीय एवं जिला स्तरीय खेल स्पर्धाओं के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने खेल मैदानों की तैयारी, खेल विधाओं के अनुरूप आवश्यक सामग्री, प्रतिभागियों की सुविधाओं तथा आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के पहले पूर्ण करने पर जोर दिया।
व्यापक प्रचार-प्रसार कर पंजीयन बढ़ाने के निर्देश
कमिश्नर डोमन सिंह ने बस्तर ओलम्पिक में अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं तक आयोजन की जानकारी पहुंचाई जाए तथा स्कूलों, कॉलेजों, आश्रम-छात्रावासों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय स्तर पर युवाओं को प्रोत्साहित कर निर्धारित तिथि 30 अक्टूबर तक अधिकाधिक प्रतिभागियों का पंजीयन कराया जाए। साथ ही अंदरूनी क्षेत्रों के पहली बार शामिल हो रहे युवाओं एवं महिलाओं की सहभागिता को सोशल मीडिया के जरिए प्रचार कर पंजीयन में वृद्धि करने के लिए पहल किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पंजीयन की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्य की दिशा में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि बस्तर ओलम्पिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि संभाग के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने वाला आयोजन के साथ ही उत्सव है। इसलिए आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
चक्रवात एवं बारिश से बचाव एवं राहत के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें
बैठक के दौरान कमिश्नर ने 28 एवं 29 अक्टूबर को संभावित चक्रवात एवं बारिश को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों में आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संभावित प्रभावित क्षेत्रों पर निगरानी रखने, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने को कहा। उन्होंने आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना, डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त, संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा एचआर सोम, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान अन्य जिलों के अधिकारी वर्चुअल रूप जुड़े रहें।
