IPS रतन लाल डांगी निलंबित,आपत्तिजनक फोटो वायरल, यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच सरकार की सख्त कार्रवाई

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

Mar 26, 2026 - 19:34
IPS रतन लाल डांगी निलंबित,आपत्तिजनक फोटो वायरल, यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच सरकार की सख्त कार्रवाई
CG VARTA -

26 मार्च 2026, रायपुर/ छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और IG रैंक के IPS रतन लाल डांगी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब उनके आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए और पहले से लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया।

       सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले एक SI की पत्नी ने डांगी पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे, जिसकी शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची थी। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए आपत्तिजनक फोटो ने पूरे मामले को तूल दे दिया, जिसके बाद सरकार ने तत्काल सख्त कदम उठाया।

      गृह (पुलिस) विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में डांगी का आचरण उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं पाया गया है। उन पर नैतिकता और सेवा नियमों के उल्लंघन, पद के प्रभाव के दुरुपयोग और स्थापित सामाजिक मानकों को ठेस पहुंचाने के आरोप लगे हैं।

      आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनकी गतिविधियां सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुईं, जिससे पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा है। इसी आधार पर उनके खिलाफ अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 और अनुशासन एवं अपील नियम 1969 के तहत कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

    निलंबन अवधि के दौरान रतन लाल डांगी का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और वे बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

     सरकार की इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा और कड़ा कदम माना जा रहा है। वहीं, इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच पर अब पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।