तसर रेशम कृषक मेला' 28 नवंबर को, किसानों को मिलेगी उन्नत तकनीक की जानकारी

Nov 25, 2025 - 22:26
तसर रेशम कृषक मेला' 28 नवंबर को, किसानों को मिलेगी उन्नत तकनीक की जानकारी
CG VARTA -

जगदलपुर, 25 नवम्बर 2025/ भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय अंतर्गत केन्द्रीय रेशम बोर्ड के तत्वावधान में केन्द्रीय तसर अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान तथा क्षेत्रीय रेशम अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान राँची द्वारा संयुक्त रूप से एक तसर रेशम कृषक मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम शुक्रवार 28 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे से कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र के ऑडिटोरियम भवन में आयोजित होगा।

         इस मेले का मुख्य उद्देश्य बस्तर अंचल के रेशम कृषकों को तसर उत्पादन की नवीनतम और उन्नत तकनीकों से परिचित कराना है, जिससे उनकी उपज गुणवत्ता और आर्थिक आय में वृद्धि हो सके।

       कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव रहेंगे। वहीं बस्तर के वन मण्डल अधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता, रेशम विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. राजेश बघेल, शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ आरएस नेताम, बुनियादी तसर रेशम बीज संगठन बिलासपुर के निदेशक डॉ एनके भाटिया और केन्द्रीय तसर अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, राँची के निदेशक डॉ बालाजी चौधरी विशिष्ट अतिथियों के रूप में शामिल होंगे।

        यह कृषक मेला तसर कृषकों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा। आयोजकों ने सभी कृषकों, रेशम उद्यमियों और संबंधित हितधारकों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाएँ। यह मेला क्षेत्र में तसर रेशम उत्पादन को एक नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।