सेवानिवृत्त कर्मियों को दी भावभीनी विदाई ,कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने शॉल और श्रीफल देकर किया सम्मानित

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

Apr 30, 2026 - 19:44
सेवानिवृत्त कर्मियों को दी भावभीनी विदाई ,कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने शॉल और श्रीफल देकर किया सम्मानित
सेवा के अंतिम दिन ही सौंपे पेंशन आदेश
CG VARTA -

जगदलपुर, 30 अप्रैल 2026/ शासकीय सेवा की एक लंबी और कर्तव्यनिष्ठ यात्रा पूरी कर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कलेक्टोरेट के ‘प्रेरणा कक्ष’ में गुरूवार को एक गरिमामयी विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने सेवानिवृत्ति प्राप्त कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं देते हुए शॉल और श्रीफल से सम्मानित किया।

 

    कलेक्टर ने प्रशासन की संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को उसी समय पेंशन भुगतान आदेश और अन्य उपादानों का लाभ प्रदान किया, ताकि सेवा के बाद उनकी आगामी राह सुगम हो सके। कलेक्टर ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों का पूरा लेखा-जोखा तैयार रख उन्हें सेवा के अंतिम दिन ही लाभान्वित करने के लिए वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री अनिल कुमार पाठक की विशेष प्रशंसा भी की।

कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने समारोह को संबोधित करते हुए भावुक होकर कहा कि आप सभी ने विभिन्न विभागों में रहते हुए अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय लोक सेवा और जनहित के कार्यों में व्यतीत किया है, जिसके लिए प्रशासन और जनता सदैव ऋणी रहेगी। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि शासकीय सेवा से निवृत्ति केवल एक औपचारिक पड़ाव है, आपके पास जो अनुभव, कौशल और ज्ञान का भंडार है, उसकी आवश्यकता अब भी समाज को है। उन्होंने आग्रह किया कि सेवानिवृत्ति के बाद की इस नई पारी में सभी कर्मी अपने अनुभवों का लाभ समाज के उत्थान और लोगों के कल्याण के लिए अवश्य प्रदान करें। कलेक्टर की इस संवेदनशीलता और त्वरित कार्यप्रणाली की सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

इस सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ कोषालय अधिकारी सहित कोषालय विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के परिजनों ने भी शिरकत की, जिनकी उपस्थिति ने इस विदाई समारोह को और भी अधिक स्मरणीय और आत्मीय बना दिया।

    उपस्थित सभी लोगों ने अपने साथियों के सफल कार्यकाल की सराहना की और उनके सुखद व स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए उन्हें ससम्मान विदा किया। कुल 23 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को इस अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई, जिससे पूरा वातावरण आत्मीयता से भर उठा।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।