शाहिद पार्क के पास ठेले में पके हुए मांस बेचे जाने के विरोध में –विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ,उग्र आंदोलन की चेतावनी
जगदलपुर 1 दिसंबर 2025/– शहीद पार्क के हनुमान मंदिर के पास ठेलों में पका हुआ मांस बेचे जाने के विरोध में ,विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, जगदलपुर इकाई ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर इन्हें तत्काल हटाने की कड़ी मांग की है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभाव से कार्रवाई नहीं की, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
हिंदू संगठनों का आरोप – मंदिर के पास मांस विक्रय से आस्था आहत, माहौल प्रदूषित

ज्ञापन में कहा गया है कि शहीद पार्क परिसर के अंदर स्थित हनुमान मंदिर वर्षों से स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल और शहीदों की याद में बनाए गए पार्क के बाहर ठेलों में पका हुआ मांस बेचा जाना श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुँचा रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि रोजाना सुबह–शाम बुजुर्ग, महिलाएँ और बच्चे पार्क में टहलने और सैर करने आते हैं, लेकिन मांस पकने से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण वे असहज महसूस करते हैं।
स्वच्छता, स्वास्थ्य और ट्रैफिक – तीनों पर सवाल
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मांस विक्रय से निकलने वाला कचरा और गंदगी आसपास की स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।
ठेलों के आसपास कचरा, बचे हुए मांस के टुकड़े और दुर्गंध से वातावरण दूषित हो रहा है।
पार्क के मुख्य मार्ग पर ठेलों की वजह से पार्किंग व यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है।
भीड़भाड़ बढ़ने से आए दिन दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
“मिर्ची के धुएँ से आँखों में जलन, दुर्घटना का खतरा”
संगठन के सदस्यों ने यह भी बताया कि मांस पकाते समय मिर्ची के धुएँ के कारण आने-जाने वाले लोगों की आँखों में जलन होती है।
खासकर दोपहिया वाहन चालकों को इससे काफी परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
पहले भी हो चुकी शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्यवाही – संगठन ने जताई नाराज़गी
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस समस्या को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पहले भी कई बार शिकायत और ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
संगठन का कहना है कि लगातार अनदेखी से लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
क्या हैं विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल की मुख्य मांगें?
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने नगर निगम आयुक्त से दो प्रमुख मांगें रखीं–
1️⃣ मंदिर और शहीद पार्क के पास से मांस विक्रय ठेले हटाए जाएं–
संगठन ने मांग की है कि –
शहीद पार्क के मुख्य मार्ग,
पार्क के आसपास,
तथा हनुमान मंदिर के नज़दीक स्थित मांस विक्रय ठेलों/दुकानों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
2️⃣ दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जाए–
संगठन ने स्पष्ट किया कि उनकी आपत्ति रोज़गार से नहीं, बल्कि स्थान से है।
इसलिए उन्होंने सुझाव दिया कि –
संबंधित मांस विक्रेताओं के लिए नगर निगम किसी अन्य उचित स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था करे,
ताकि उनकी आजीविका भी बनी रहे और मंदिर व पार्क की मर्यादा एवं स्वच्छता भी सुरक्षित रहे।
उग्र आंदोलन की चेतावनी – “अब की बार कार्रवाई नहीं, तो सड़क पर उतरेंगे”
ज्ञापन के अंत में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे और इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन–प्रशासन की होगी।
संगठन ने प्रशासन से अपील की है कि शहीदों की स्मृति में बने पार्क और हनुमान मंदिर की धार्मिक गरिमा, स्थानीय नागरिकों की भावनाओं, स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से सख्त निर्णय लिया जाए।