भाजपा सरकार के समयबद्ध संकल्प और सुरक्षाबलों के शौर्य से बस्तर में लौटी शांति और खुशहाली - बस्तर सांसद महेश कश्यप

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Jul 15, 2026 - 17:36
भाजपा सरकार के समयबद्ध संकल्प और सुरक्षाबलों के शौर्य से बस्तर में लौटी शांति और खुशहाली - बस्तर सांसद महेश कश्यप
मोदी-शाह और साय-शर्मा की जोड़ी ने दिलाई नक्सलवाद से मुक्ति - महेश कश्यप
CG VARTA -

15 जुलाई 2026, जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के बस्तर सांसद महेश कश्यप ने देशभर सहित छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा करने और आम जनजीवन को माओवादी आतंक व हिंसा से मुक्ति दिलाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा की 'डबल इंजन' सरकार ने नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने का जो समयबद्ध संकल्प लिया था, वह आज धरातल पर सिद्ध होता दिखाई दे रहा है।

भाजपा सांसद कश्यप ने कहा कि बीते कुछ समय में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों को मिली ऐतिहासिक सफलतायें इस बात का प्रमाण हैं कि अब माओवादी आतंक इतिहास के कूड़ेदान में चला गया है। दशकों तक छत्तीसगढ़ के बस्तर और अन्य आदिवासी अंचल वामपंथी उग्रवाद की आग में झुलसते रहे। पूर्ववर्ती सरकारों की लचर नीतियों के कारण आदिवासियों और आम जनता को केवल भय और हिंसा मिली। लेकिन आज, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 'जीरो टॉलरेंस' की नीति और सटीक मार्गदर्शन के कारण नक्सलवाद बैकफुट पर है।

 सांसद महेश कश्यप ने प्रदेश की साय सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों के बीच अभूतपूर्व समन्वय देखने को मिला। सरकार ने न केवल मोर्चे पर लड़ाई लड़ी है, बल्कि अंदरूनी इलाकों में 'नियद नेल्लानार' जैसी योजनाओं के जरिए विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया है। जहाँ कभी बारूद की गंध होती थी, वहाँ आज सड़कें, स्कूल, अस्पताल और बिजली पहुँच रही है।

भाजपा सांसद कश्यप ने कहा कि उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री शर्मा स्वयं लगातार बस्तर के दौरे कर जवानों का हौसला बढ़ा रहे हैं और स्थानीय युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संवेदनशील प्रयास कर रहे हैं। आज बस्तर का आम नागरिक बिना किसी डर के खुलकर साँस ले रहा है, जो कि इस सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

सांसद कश्यप ने माओवादी हिंसा से मुक्त, भयमुक्त और प्रगतिशील छत्तीसगढ़ के निर्माण के प्रति दृढ़ संकल्पित शीर्ष नेतृत्व का पूरे प्रदेश की जनता की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं जब पूरी तरह से नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ देश के सबसे समृद्ध राज्यों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा होगा।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।