कफन दफन को लेकर उलनार में विवाद,प्रशासन की मौजूदगी में मामला शांत,हिन्दू समाज के मुक्तिधाम में ईसाई परंपरा से दफनाना बर्दास्त नहीं– तुलसी बघेल
रिपोर्ट – जय शंकर पांडे
17 जुलाई 2026, जगदलपुर। बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत उलनार में शुक्रवार को कफन-दफन को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतका लखी कश्यप (70 वर्ष) का निधन एमपीएम अस्पताल में उपचार के दौरान हुआ था। बताया गया कि वह पिछले कई वर्षों से ईसाई धर्म का पालन कर रही थीं। ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों से ग्राम की पारंपरिक आदिवासी रीति रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार करने का आग्रह किया, लेकिन परिजनों ने ईसाई रीति से अंतिम संस्कार करने की बात कही। इसके बाद ग्राम पंचायत ने आदिवासी मुक्तिधाम में दफन की अनुमति नहीं दी।
स्थिति को देखते हुए नगरनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी की मौजूदगी में दोनों पक्षों से चर्चा कर मामला शांत कराया गया। इसके बाद मृतका के शव को ईसाई कब्रिस्तान करकापाल ले जाकर ईसाई रीति रिवाज से दफनाया गया।
ग्रामवासी तुलसी बघेल ने बताया कि मृतका के पति सदन कश्यप का भी तीन दिन पूर्व निधन हुआ था, जिनका अंतिम संस्कार भी पास्टर द्वारा ईसाई रीति रिवाज से किया गया था।
इस दौरान सरपंच मधुसूदन नेताम, देवधन कश्यप, विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप,विहिप जिला धर्म प्रसार प्रमुख देवेंद्र कश्यप, जिला सत्संग प्रमुख तुलसीराम बघेल, ग्राम पटेल कौड़ीराम पटेल, ग्राम पुजारी लिंगोराम, सिरहा रघुनाथ कश्यप, योगेंद्र, संतराम कश्यप, मंगलाराम कश्यप, प्रभात कश्यप, कोमाराम भारती, ग्राम सभा अध्यक्ष कृष्ण भारती, जंगल अध्यक्ष श्यामदास बघेल, बजरंग दल उलनार उपखंड के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।