कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने बस्तर ब्लॉक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का लिया जायजा
निर्धारित समयावधि में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को पूर्ण करने दिए निर्देश
जगदलपुर, 06 दिसम्बर 2025/ कमिश्नर बस्तर एवं रोल आब्जर्वर श्री डोमन सिंह ने शुक्रवार को बस्तर जिले के विकासखण्ड बस्तर के भ्रमण के दौरान मतदाता पहचान के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया और बूथ लेवल आफिसर्स से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली और उन्हें पूरी सजगता के साथ इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य का सम्पादन किए जाने कहा। उन्होंने बूथ लेवल आफिसर्स को निर्धारित समयावधि में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।

कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने बस्तर ब्लॉक के मतदान केंद्र क्रमांक 115 भाटपाल, मतदान केंद्र क्रमांक 116 आड़ावाल तथा मतदान केंद्र क्रमांक 117 भुरसुंडी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया और मौके पर उपस्थित बूथ लेवल आफिसर्स से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति के बारे में पूछा। साथ ही मौजूद मतदाताओं से भी रूबरू होकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के सम्बंध में चर्चा की। कमिश्नर ने बूथ लेवल आफिसर्स को गणना पत्र के साथ सलंग्न दस्तावेज की फोटोकॉपी में मतदाता से स्वप्रमाणित करवाने कहा। साथ ही पंचनामा में सरपंच-सचिव, कोटवार, मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों तथा परिजनों का भी हस्ताक्षर करवाने के निर्देश दिए इस दौरान अवगत कराया गया कि मतदान केंद्र क्रमांक 115 भाटपाल में सभी 1169 मतदाताओं, मतदान केंद्र क्रमांक 116 आड़ावाल के समस्त 478 मतदाताओं तथा मतदान केंद्र क्रमांक 117 भुरसुंडी में सभी 925 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस मौके पर एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री गगन शर्मा, तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी जॉली जेम्स और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।