बस्तर जिले में 'जनगणना 2027' की तैयारियां तेज, जिला जनगणना हस्त पुस्तिका हेतु मिलेगा प्रशिक्षण

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Jul 21, 2026 - 20:01
बस्तर जिले में 'जनगणना 2027' की तैयारियां तेज, जिला जनगणना हस्त पुस्तिका हेतु मिलेगा प्रशिक्षण
CG VARTA -

जगदलपुर, 21 जुलाई 2026/ भारत सरकार के गृह मंत्रालय (जनगणना कार्य निदेशालय) तथा राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार 'जनगणना 2027' के अंतर्गत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका तैयार करने हेतु ग्राम एवं नगर निर्देशिका आंकड़ों के संकलन एवं संचयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से निष्पादित करने के लिए बस्तर जिले में क्षेत्र पदाधिकारियों का गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के तहत आंकड़े जुटाने का मुख्य फील्ड कार्य माह अगस्त-सितंबर में संपादित किया जाएगा, जिससे पूर्व सभी क्षेत्र पदाधिकारियों का यूज़र आईडी 23 जुलाई से पहले तैयार कर लिया जाएगा।  

              जनगणना निदेशालय द्वारा जारी संशोधित समय-सारणी के अनुसार बस्तर जिले के विभिन्न तहसीलों और नगरीय क्षेत्रों के प्रशिक्षण हेतु तिथि, स्थान और प्रतिभागियों की संख्या निर्धारित कर दी गई है। इसके तहत 27 जुलाई को तहसील जगदलपुर, बस्तर (नगर पंचायत) और जगदलपुर नगर निगम के 21 प्रतिभागियों का प्रशिक्षण कलेक्टोरेट के आस्था हॉल में आयोजित किया जाएगा। इसके अगले दिन 28 जुलाई को तहसील तोकापाल और तहसील लोहंडीगुड़ा के 25 प्रतिभागियों का प्रशिक्षण जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा में आयोजित होगा, जिसके लिए नोडल अधिकारी एवं प्रशिक्षक श्री संतोष मेंढे (प्रोग्रामर) रहेंगे।

इसी क्रम में 29 जुलाई को तहसील दरभा और तहसील बास्तानार के 17 प्रतिभागियों का प्रशिक्षण जनपद पंचायत दरभा में संपन्न कराया जाएगा। वहीं 30 जुलाई को तहसील बकावंड और तहसील करपावंड के 23 प्रतिभागियों का प्रशिक्षण अटल सहायता भवन, बकावंड में आयोजित होगा। इस श्रृंखला के अंतिम चरण में 31 जुलाई को तहसील बस्तर और तहसील भानपुरी के प्रतिभागियों का प्रशिक्षण जनपद पंचायत बस्तर में संपन्न होगा। इन सभी प्रशिक्षण सत्रों के तुरंत बाद 1 अगस्त से मैदानी स्तर पर आंकड़ों का संकलन (फील्ड वर्क) प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिसे आगामी 30 दिनों के भीतर पूर्ण करना अनिवार्य होगा। क्षेत्र पदाधिकारियों द्वारा ऑनलाइन जमा किए गए आंकड़ों का सत्यापन चार्ज अधिकारियों द्वारा 15 अक्टूबर तक कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।