कारगिल विजय दिवस पर श्रद्धांजलि सभा एवं विजय गाथा कार्यक्रम का आयोजन

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Jul 26, 2026 - 20:42
कारगिल विजय दिवस पर श्रद्धांजलि सभा एवं विजय गाथा कार्यक्रम का आयोजन
CG VARTA -

जगदलपुर, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर आज सिरासार चौक, जगदलपुर में पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जगदलपुर द्वारा कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं कारगिल विजय गाथा का स्मरण कराने हेतु गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में सहभागी रहे पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया तथा उनके द्वारा युद्ध के अनुभव साझा किए गए। वक्ताओं ने कारगिल के वीर शहीदों के अदम्य साहस, पराक्रम एवं सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग और शौर्य के कारण आज देश सुरक्षित एवं गौरवान्वित है। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, मीडिया प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि एवं विजय गाथा कार्यक्रम के उपरांत पूर्व सैनिकों द्वारा जगदलपुर शहर में भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य कारगिल विजय दिवस के महत्व, देशभक्ति की भावना, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा युवाओं एवं आम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, सैनिकों के सम्मान और देश सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश देना था। रैली के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं वीर शहीद अमर रहें जैसे देशभक्ति के उद्घोषों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने कारगिल के अमर वीरों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने आम नागरिकों से भी देश के वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।