प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिली नई उड़ानः आस्था मंडावी बनीं सफल युवा उद्यमी, शुरू किया ‘श्योरस कैफे’

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Jul 28, 2026 - 11:23
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिली नई उड़ानः आस्था मंडावी बनीं सफल युवा उद्यमी, शुरू किया ‘श्योरस कैफे’
CG VARTA -

बीजापुर 28 जुलाई 2026- सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसका उत्कृष्ट उदाहरण बीजापुर की युवा उद्यमी आस्था मंडावी हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ( PMEGP ) के माध्यम से अपना स्वरोजगार स्थापित कर सफलता की नई कहानी लिखी है।

आस्था मंडावी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत भारतीय स्टेट बैंक, बीजापुर से ₹3 लाख का ऋण प्राप्त किया। इस परियोजना के अंतर्गत उन्हें 25 प्रतिशत अर्थात ₹75 हजार की मार्जिन मनी सब्सिडी (अनुदान) भी स्वीकृत हुई है। उनके आवेदन की तैयारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ( DIC ), बीजापुर द्वारा किया गया।

इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने ‘श्योरस कैफे’ की स्थापना की, जो आधुनिक कैफे के साथ-साथ डेली नीड्स स्टोर के रूप में भी संचालित हो रहा है। यहां ग्राहकों को कॉफी, बर्गर, पिज्जा, सैंडविच, फास्ट फूड, कोल्ड ड्रिंक्स के अलावा नमकीन, बिस्कुट, चॉकलेट, मिक्सचर तथा दैनिक उपयोग की अनेक आवश्यक वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

आस्था मंडावी का उद्देश्य ग्राहकों को उनकी अधिकतम आवश्यकताओं की वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। गुणवत्तापूर्ण सेवाएं, ग्राहकों की जरूरतों की बेहतर समझ और विनम्र व्यवहार के कारण उनका कैफे युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

कम उम्र में उद्यमिता का मार्ग चुनकर आस्था मंडावी ने यह साबित किया है कि सही योजना, दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है। उनका यह प्रयास न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बना रहा है, बल्कि भविष्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।

आस्था मंडावी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ( PMEGP) केवल वित्तीय सहायता प्रदान करने वाली योजना नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उनकी उपलब्धि जिले की युवतियों एवं महिला उद्यमियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है और यह संदेश देती है कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग, आत्मविश्वास और मेहनत से हर युवा अपने सपनों को नई उड़ान दे सकता है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।