केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मिले बस्तर सांसद महेश कश्यप,बस्तर के जनजातीय विकास हेतु सौंपा पत्र

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Aug 6, 2026 - 19:42
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मिले बस्तर सांसद महेश कश्यप,बस्तर के जनजातीय विकास हेतु सौंपा पत्र
CG VARTA -

6 अगस्त 2026, जगदलपुर। नई दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने भेंट कर बस्तर के सर्वांगीण जनजातीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान सांसद ने बस्तर की आवश्यकताओं एवं संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत मांग पत्र सौंपा तथा शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।

सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री का ध्यान बस्तर जिले के आड़ावाल स्थित ट्राईफेड प्रोसेसिंग प्लांट की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह संयंत्र वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे स्थानीय जनजातीय संग्राहकों,महिला स्व-सहायता समूहों,वन धन विकास केंद्रों एवं वनोपज सहकारी समितियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने प्लांट को पुनः प्रारंभ कर आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने तथा वनोपज आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की मांग की।

सांसद कश्यप ने बस्तर के जनजातीय विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। इनमें लघु वनोपज के संग्रहण,प्रसंस्करण,मूल्य संवर्धन एवं विपणन हेतु आधुनिक इकाइयों की स्थापना, जनजातीय युवाओं के लिए कौशल विकास,स्वरोजगार एवं उद्यमिता मिशन प्रारंभ करना,बस्तर में राष्ट्रीय जनजातीय कौशल एवं उद्यमिता उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना,जनजातीय संस्कृति, कला एवं लोक परंपराओं के संरक्षण हेतु राष्ट्रीय आदिवासी सांस्कृतिक एवं शोध केंद्र की स्थापना,श्रीअन्न एवं वन आधारित उत्पादों की ब्रांडिंग एवं अंतरराष्ट्रीय विपणन,एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष शैक्षणिक सहायता, जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं एवं पोषण कार्यक्रमों का विस्तार तथा प्रत्येक जनजातीय विकासखंड में वन धन विकास केंद्रों की स्थापना जैसे प्रमुख प्रस्ताव शामिल हैं।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से बस्तर के जनजातीय समाज को रोजगार,स्वरोजगार,शिक्षा,स्वास्थ्य तथा आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने सांसद महेश कश्यप द्वारा प्रस्तुत मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए संबंधित विषयों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।