गोरिया बहार नाला पहुंचकर रामपाल मंदिर जा रहे कांवड़ियों की पूजा-अर्चना,कांवड़ियों के चरण पखारकर महापौर संजय पांडे ने जताई आस्था

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Aug 17, 2026 - 19:07
गोरिया बहार नाला पहुंचकर रामपाल मंदिर जा रहे कांवड़ियों की पूजा-अर्चना,कांवड़ियों के चरण पखारकर महापौर संजय पांडे ने जताई आस्था
CG VARTA -

17 अगस्त 2026, जगदलपुर। सावन मास के पावन अवसर पर सोमवार को रामपाल मंदिर की ओर निकली भव्य कांवड़ यात्रा के दौरान गोरिया बहार नाला के समीप श्रद्धा और सेवा की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। महापौर संजय पांडे ने यहां पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत किया और उनके चरण पखारकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने कांवड़ियों से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र और बस्तरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

कांवड़ियों के चरण धोने और उनकी सेवा करने के दौरान धार्मिक आस्था से ओतप्रोत माहौल नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जयघोष करते हुए रामपाल मंदिर की ओर आगे बढ़ रहे थे। महापौर के इस सेवा भाव ने यात्रा में शामिल कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का भी ध्यान आकर्षित किया।

रामपाल क्षेत्र को धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम अपने वनवास काल के दौरान बस्तर के इस अंचल से होकर गुजरे थे और इसी दौरान उन्होंने यहां शिवलिंग की स्थापना की थी। इसी धार्मिक मान्यता के चलते यह स्थल लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

महापौर संजय पांडे ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करने और उनके चरण पखारने का अवसर उनके लिए श्रद्धा और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ और प्रभु श्रीराम सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें तथा बस्तर में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण कायम रहे।

इस अवसर पर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन , MIC सदस्य निर्मल पाणिग्रही ,लक्ष्मण झा सहित श्याम सुंदर बघेल,सैलीन जैदू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।