पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से सशक्त ग्राम और समृद्ध ग्रामीण अर्थव्यवस्था की दिशा में VB-G RAM G एक महत्वपूर्ण कदम

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Aug 27, 2026 - 19:09
पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से सशक्त ग्राम और समृद्ध ग्रामीण अर्थव्यवस्था की दिशा में VB-G RAM G एक महत्वपूर्ण कदम
CG VARTA -

बीजापुर, 27 अगस्त 2026। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 (VB-G RAM G) के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आज जिला कार्यालय बीजापुर के इन्द्रावती सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना तथा पंचायतों की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाना रहा।

कार्यशाला कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक, बीजापुर विश्वदीप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला को पंचायतों के लिए महत्वपूर्ण बताया। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे ने चारों जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यों एवं सरपंचों का अभिनंदन किया।

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी योजना पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से गांवों को सशक्त बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अधिनियम के प्रावधानों को समझते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यशाला में VB-G RAM G अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के विस्तार, ग्राम पंचायत स्तर पर योजना के प्रभावी संचालन तथा अधिनियम के क्रियान्वयन में पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों एवं भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला में पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा योजना के क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर जानकारी प्राप्त की गई तथा ग्रामीणों को अधिक प्रभावी ढंग से रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया। कार्यशाला का उद्देश्य पंचायतों को सशक्त बनाकर योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।