बीजापुर के ग्राम तारूड में जवानों के स्वास्थ्य की हुई जांच, 70 जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Sep 10, 2026 - 19:49
बीजापुर के ग्राम तारूड में जवानों के स्वास्थ्य की हुई जांच, 70 जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण
चिकित्सा शिविर में विभिन्न बीमारियों की पहचान कर दिया गया आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श
CG VARTA -

बीजापुर, 08 सितंबर 2026। 14वीं वाहिनी (भा/र) छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल द्वारा सेनानी  मोनिका ठाकुर के तत्वावधान में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बीजापुर डॉ. बी.आर. पुजारी के मार्गदर्शन में विकासखंड भोपालपटनम के ग्राम तारूड में एक दिवसीय चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जवानों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय पर चिन्हांकन एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करना रहा।

शिविर में जिला चिकित्सालय बीजापुर से सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर, आरएमओ एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण कंवर, एम.डी. मेडिसिन डॉ. राहुल राठौर सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। चिकित्सा दल ने शिविर में उपस्थित जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

शिविर के दौरान कुल 70 जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में आर्थराइटिस के 08, हाइपरटेंशन के 03, डायबिटीज के 02, कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस का 01, शोल्डर ज्वाइंट मूवमेंट में प्रतिबंध का 01 तथा डायबिटिक रेटिनोपैथी का 01 प्रकरण चिन्हांकित किया गया।

चिन्हांकित जवानों को संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जिन जवानों को आगे की जांच अथवा उपचार की आवश्यकता थी, उन्हें उसके संबंध में भी उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

चिकित्सा शिविर के माध्यम से जवानों के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इस तरह के शिविर जवानों के बेहतर स्वास्थ्य, नियमित स्वास्थ्य निगरानी और कार्यक्षमता बनाए रखने में उपयोगी साबित हो रहे हैं।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।