बस्तर के चार प्रमुख गांवों में खुला हेलमेट बैंक, कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में हुई शुरुआत

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Sep 10, 2026 - 20:04
बस्तर के चार प्रमुख गांवों में खुला हेलमेट बैंक, कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में हुई शुरुआत
CG VARTA -

जगदलपुर, 10 सितम्बर 2026/ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक अत्यंत सराहनीय और नवाचारी कदम उठाया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में हुई इस विशेष कार्यवाही के तहत जिले के जगदलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के चार महत्वपूर्ण ग्रामीण क्षेत्रों करंदोला, बालेंगा, कुदालगांव और घाट लोहंगा में हेलमेट बैंक की स्थापना की गई है।

       अनुविभागीय दंडाधिकारी बस्तर गगन शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के करंदोला, बालेंगा और कुदालगांव राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर स्थित हैं, जहां दिन-रात तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे व्यस्ततम मार्ग पर दोपहिया चालकों के लिए दुर्घटना का जोखिम हमेशा अधिक रहता है, जिसे देखते हुए इन तीनों स्थानों पर हेलमेट बैंक की शुरुआत स्थानीय राहगीरों को तत्काल एक मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान करेगी। वहीं दूसरी ओर घाट लोहंगा क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने रोजमर्रा के कामकाज, व्यापार और आवश्यक सेवाओं के सिलसिले में नियमित रूप से जगदलपुर शहर आते-जाते हैं।

 ग्रामीण अंचलों में अक्सर हेलमेट की सहज उपलब्धता न होने के कारण लोग बिना सुरक्षा के ही यात्रा पर निकल पड़ते हैं, लेकिन अब इस नई व्यवस्था से वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले आसानी से हेलमेट प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल का मुख्य ध्येय केवल यातायात नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि आमजन के जीवन की रक्षा करना और उनमें सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाना है, जिसकी स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भी खूब सराहना की जा रही है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।