सूदखोर महीने से फरार वीरेंद्र तोमर का जुलूस, फटी बनियान में लंगड़ाते दिखा, फिर अचानक हुआ बेहोश –
छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने आरोपी सूदखोर वीरेंद्र तोमर को 8 नवंबर की शाम ग्वालियर से गिरफ्तार किया था। आज सुबह उसे रायपुर लेकर पुलिस पहुंची, जिसके बाद उसे पुरानी बस्ती लाया गया। यहां से उसका जुलूस निकालते हुये पैदल ही जिला कोर्ट लाया गया। इस दौरान वीरेंद्र तोमर फटी बनियान में लंगड़ाते हुये अचानक सड़क पर गिर गया। पुलिसकर्मियों ने उसे उठाया और फिर वाहन में बैठाकर अस्पताल लाया गया, जहां पर उसका मेडिकल चेकाअप कराया गया।

एसएसपी लाल उमेद ने खुलासा करते हुए मीडिया को जानकारी दी कि थाना तेलीबांधा, पुरानी बस्ती के प्रकरणों में फरार आरोपी वीरेन्द्र तोमर उर्फ रूबी तथा रोहित सिंह तोमर दिनांक घटना से लगातार फरार चल रहे थे। रायपुर पुलिस की टीम द्वारा फरार दोनों भाईयों की लगातार तलाश कर उन्हें लोकेट करने का प्रयास किया जा रहा था। आरोपी बार-बार अपना लोकेशन बदल रहे थे। विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश हेतु टीमों को राजस्थान, हरियाणा, ग्वालियर रवाना किया गया था।
एसएसपी ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि टीम के सदस्यों द्वारा आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्र कर आरोपियों को लोकेट करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी वीरेन्द्र तोमर के ग्वालियर में होने की जानकारी पुलिस को मिली। टीम ने रेकी कर आरोपी वीरेन्द्र तोमर उर्फ रूबी को गिरफ्तार किया। आरोपी की संपत्ति को चिन्हांकित कर कुर्की की कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही फरार आरोपी रोहित तोमर की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस को आरोपी के बारे में हिंट मिलते ही पुलिस की टीम ने ग्वालियर में छापामार कार्रवाई कर उसे धर दबोचा है। पुलिस आरोपी को एमपी से ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लेकर पहुंची है। जल्द ही उसे रायपुर के कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, पुलिस के आते ही वीरेंद्र तोमर का छोटा भाई रोहित तोमर फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।