डिजिटल क्रॉप सर्वे में फसल क्षेत्र और पड़त भूमि का हो स्पष्ट उल्लेख-कमिश्नर डोमन सिंह
कोण्डागांव और कांकेर जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का किया निरीक्षण, निर्धारित समय-सीमा में सत्यापन पूर्ण करने के दिए निर्देश
जगदलपुर, 06 नवम्बर 2026/ कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने शुक्रवार को कोण्डागांव एवं कांकेर जिले में संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का निरीक्षण कर इसकी प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान निरा बोये गए फसल क्षेत्र के रकबे, पड़त रकबे तथा अन्य उपयोग में आने वाली भूमि के रकबे का स्पष्ट एवं सही उल्लेख सुनिश्चित किया जाए।
कमिश्नर श्री सिंह ने इस दौरान पीवी ऐप के माध्यम से कृषि भूमि के खसरों के भौतिक सत्यापन कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कोण्डागांव जिले की कोण्डागांव तहसील अंतर्गत ग्राम मसोरा तथा कांकेर जिले की चारामा तहसील अंतर्गत ग्राम माहुद में किसानों के खेतों तक पहुंचकर सर्वे कार्य की वास्तविक स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले से खसरों के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ किया जाना चाहिए। खेतों में वास्तविक रूप से बोई गई फसलों, खाली पड़ी भूमि तथा अन्य उपयोग में लाई जा रही भूमि का सही-सही सत्यापन कर उसका अभिलेखन किया जाए। इससे कृषि भूमि के उपयोग और फसल क्षेत्रफल की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन किया जा सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को सर्वे कार्य में तेजी लाने के साथ ही प्रत्येक खसरे का भौतिक सत्यापन निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी स्तर पर सर्वे कार्य की नियमित निगरानी करने तथा कार्य की गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर कोण्डागांव एसडीएम श्री अश्वन पुसाम एवं तहसीलदार श्री मनोज रावटे सहित चारामा एसडीएम श्री नरेन्द्र बंजारा, तहसीलदार श्री सत्येन्द्र शुक्ला तथा राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
