बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की दस्तक, मच्छरदानी वितरण के साथ इलाज और स्वच्छता पर जोर
बीमारी के खतरे के बीच स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद, बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को मिली मच्छरदानी और चिकित्सा सुविधा
29 सितम्बर 2026, बकावंड । बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग के बकावंड के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश मरकाम के नेतृत्व में ग्राम कोरपाल, कानपाल और कुरुशपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों को मच्छरदानियों का वितरण किया गया।

वहीं स्वास्थ्य शिविर में डॉ. अर्पिता चौहान ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय सलाह दी।

स्वास्थ्य विभाग की निरीक्षण टीम भी लगातार राहत एवं स्वास्थ्य शिविरों का भ्रमण कर रही है। इस दौरान शिविरों में स्वच्छता व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा ग्रामीणों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि पीने के लिए केवल स्वच्छ या उबले हुए पानी का ही उपयोग करें। बाढ़ के बाद दूषित पानी से डायरिया, बुखार, उल्टी सहित अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य दल से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

इस दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक तिलक पाणिग्रही एवं बकावंड जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को स्वच्छता और बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक भी किया।
