रायकोट में मुरिया समाज के विकासखंड स्तरीय नवाखानी जुहार भेट कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक विनायक गोयल
रिपोर्ट – जय शंकर पांडे
4 अक्टूबर 2026, जगदलपुर ! रायकोट मुरिया समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, रीति-रिवाजों एवं सामाजिक एकता को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायकोट में मुरिया समाज द्वारा विकासखंड स्तरीय नवाखानी जुहार भेट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामय आयोजन में क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने समाज के पदाधिकारियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के साथ नवाखानी पर्व की परंपराओं का निर्वहन करते हुए समाज की संस्कृति और रीति-नीति को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक विनायक गोयल का मुरिया समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों द्वारा पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। उन्होंने समाज के लोगों के साथ जुहार भेट की और परंपरागत रूप से टीका लगाकर नवाखानी पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने समाज की पारंपरिक मान्यताओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत के महत्व पर अपने विचार समाज के सामने रखे।

विधायक विनायक गोयल ने कहा कि नवाखानी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण परंपरा है। हमारी संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराएं हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर हैं। आधुनिकता के इस दौर में हमें विकास के साथ-साथ अपनी जड़ों और संस्कृति से भी जुड़े रहना होगा। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, भाईचारा और आपसी सहयोग ही किसी भी समाज को मजबूत आधार प्रदान करता है।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझने तथा उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की पहचान उसकी भाषा, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से होती है। इसलिए अपनी संस्कृति को बचाना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नवाखानी जुहार भेट के अवसर पर विधायक ने मुरिया समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों के साथ पारंपरिक रूप से चावल से तैयार छिवड़ा का सेवन भी किया। इस दौरान कार्यक्रम में आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकजुटता का भाव देखने को मिला। समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ एक-दूसरे से जुहार भेट कर नवाखानी पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुरिया समाज के विभिन्न पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा, महिला वर्ग एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा आने वाली पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का संकल्प लिया।
विधायक विनायक गोयल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुरिया समाज के सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ हमारी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नवाखानी जुहार भेट का यह आयोजन पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
