ग्रामीणों ने की ग्राम पंचायत तोयर में नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने की कलेक्टर से की मांग
अलनार धान खरीदी केंद्र पर निर्भर दर्जनों गांवों के किसानों की परेशानी दूर करे प्रशासन
9 अक्टूबर 2026, जगदलपुर/ भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिला बस्तर के नेतृत्व में आज लोहंडीगुड़ा ब्लॉक की अलनार पंचायत में नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग को लेकर अपर कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। यूनियन ने किसानों की वर्षों पुरानी समस्या को गंभीरता से लेते हुए तोयर में नवीन धान खरीदी केंद्र तत्काल प्रारंभ करने की मांग की।
यूनियन के अनुसार, सुरगुड़ा, तोयर, गुमियापाल, गढ़दा, मिचनार, मिचनार-2 सहित आसपास के अनेक गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए अलनार खरीदी केंद्र तक लगभग 20 से 25 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। इससे किसानों को परिवहन खर्च, समय और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लंबी दूरी और व्यवस्थागत कठिनाइयों के कारण कई किसान समय पर अपना धान नहीं बेच पाते, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है।
जिला अध्यक्ष रमेश गोयल ने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इतनी लंबी दूरी तय करने को मजबूर करना उनकी समस्याओं की अनदेखी है। किसान दिन-रात मेहनत करके धान पैदा करता है, लेकिन खरीदी केंद्र की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से उसे परेशानी झेलनी पड़ती है। यूनियन द्वारा इस विषय में संबंधित अधिकारियों को कई बार फोन और ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया है। ज्ञापन में लैम्प्स से संबंधित समस्याओं तथा क्षेत्र की अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने स्पष्ट किया कि तोयर में नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग को अब और लंबित न रखा जाए। यदि प्रशासन शीघ्र निर्णय लेकर किसानों की जायज मांग पूरी नहीं करता, तो यूनियन किसानों को संगठित कर चरणबद्ध आंदोलन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार, तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल तोयर गुमियापाल के सरपंच जिला पंचायत सदस्य और जनपद सदस्य सहित आसपास के गांवों के किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
