ग्राम पंचायत चपका में वन मंत्री केदार कश्यप की अगुवाई में मारकंडी नदी व प्राकृतिक जल कुंड पर हुआ व्यापक स्वच्छता श्रमदान

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Oct 9, 2026 - 19:40
ग्राम पंचायत चपका में वन मंत्री केदार कश्यप की अगुवाई में मारकंडी नदी व प्राकृतिक जल कुंड पर हुआ व्यापक स्वच्छता श्रमदान
CG VARTA -

जगदलपुर, 09 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत चपका स्थित ऐतिहासिक मंदिर परिसर के समीप मारकंडी नदी घाट तथा प्राकृतिक जल कुंड पर एक व्यापक स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महाअभियान का नेतृत्व छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया, जहां उन्होंने स्वयं हाथों में झाड़ू और सफाई उपकरण थामकर घाट व जल कुंड की सफाई की और समाज को जल स्रोतों के संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।

उनके साथ जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप, जनपद पंचायत बस्तर के अध्यक्ष श्री संतोष बघेल तथा जिला पंचायत सदस्य  निर्देश दीवान ने भी घाट पर उतरकर सक्रिय रूप से श्रमदान किया।

             कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर मारकंडी नदी के तट, प्राकृतिक जल कुंड एवं मंदिर परिसर के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक और जलीय अपशिष्ट को पूरी तरह साफ कर इस पावन स्थल को एक नया और स्वच्छ स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने धार्मिक स्थलों, मारकंडी नदी और इन अमूल्य प्राकृतिक जल कुंडों की स्वच्छता को जन-जन की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

स्वच्छता के इस महती कार्य में विकास विस्तार अधिकारी  चंद्रशेखर जैन, ग्राम पंचायत चपका की सरपंच पीलीबाई कश्यप, पंचायत सचिव सहित स्वच्छ भारत मिशन की समर्पित टीम तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उत्साहपूर्वक शामिल रहे, जिन्होंने अंत में अपने क्षेत्र के प्राकृतिक जलस्रोतों को निरंतर स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।