समान नागरिक संहिता पर जगदलपुर में महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में

Oct 15, 2026 - 18:25
समान नागरिक संहिता पर जगदलपुर में महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में
CG VARTA -

जगदलपुर, 15 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने तथा इसका प्रारूप तैयार करने के उद्देश्य से गठित उच्च स्तरीय समिति द्वारा जनसंवाद शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार 16 अक्टूबर को बस्तर संभाग के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर के कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा सभागार में प्रातः 10.30 बजे से एक महत्वपूर्ण बैठक एवं समूह चर्चा आयोजित की जा रही है।

समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जगदलपुर में आयोजित होने वाली इस बैठक में जगदलपुर और कोंडागांव जिले के प्रतिनिधि सम्मिलित होकर समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों और उनके सामाजिक प्रभावों पर व्यापक विचार-विमर्श करेंगे। इस परिचर्चा को समावेशी, सार्थक और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

 बैठक में राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रमुखों के साथ-साथ शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित व गणमान्य नागरिकों तथा विभिन्न आयोगों, निगमों और मंडलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग के विचारों और सुझावों को संकलित किया जा सके।

समिति के सचिव श्याम धावड़े द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत पूरी बैठक की संपूर्ण कार्यवाही का विधिवत दस्तावेजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे इन विमर्शों को राज्य स्तर पर तैयार होने वाले ड्राफ्ट में यथोचित स्थान मिल सके।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।