लालबाग मैदान में स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ, 23 राज्यों के स्वदेशी उत्पाद होंगे आकर्षण का केंद्र

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Oct 18, 2026 - 18:01
लालबाग मैदान में स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ, 23 राज्यों के स्वदेशी उत्पाद होंगे आकर्षण का केंद्र
CG VARTA -

18 अक्टूबर 2026, जगदलपुर / बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में आज स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। 18 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस मेले में देश के 23 राज्यों के विभिन्न स्वदेशी उत्पादों एवं पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री होगी। मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय व्यापार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

स्वदेशी को अपनी दिनचर्या में शामिल करें — मंत्री केदार कश्यप

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वदेशी केवल एक विचार नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम है। हमें स्वदेशी उत्पादों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। जब हम देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तब स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

वर्तमान परिवेश में स्वदेशी अपनाना आवश्यक — किरण सिंह देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिवेश में स्वदेशी अपनाना अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है— “स्वदेशी देश हो अपना।” स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर हम देश की आर्थिक मजबूती, स्थानीय उद्योगों के विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। स्वदेशी की भावना को प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

विकसित भारत 2047 की दिशा में बढ़ रहा देश — महेश कश्यप

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ स्वावलंबन की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी उत्पाद देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान और यहां की प्रतिभा को दिल्ली तक पहुंचाने में स्वदेशी मेले जैसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं और देशभर के लोगों को भारत की विविधता, संस्कृति एवं उद्यमशीलता से परिचित कराते हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत समिति के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने स्वदेशी मेले के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और नागरिकों को भारतीय उत्पादों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मंच पर रहे ये प्रमुख अतिथि

कार्यक्रम में बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, जगदलपुर महापौर संजय पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, राजाराम तोडेम, दशरथ कश्यप, खेम सिंह देवांगन, किशोर पारेख सुब्रत चाकी, डॉ. राम राकेश जांगिड़, अनिल लुंकड़, लक्ष्मण झा एवं कल्पना शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मंच पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में स्वदेशी मेले के संयोजक किशोर पारख ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर धर्मपाल शर्मा, सुरेश गुप्ता, निर्मल पाणिग्रही, बी. जयराम, आशा डोडिया, शिवनारायण चांडक, डॉ. मनोज पाणिग्रही, झरना मोहन्ती, डॉ. ज्योति लागु, ममता राणा, मंजू लुंकड़, राजीव कपूर, संग्राम सिंह राणा, पंकज आचार्य, शशिनाथ पाठक, अभिषेक झा, विधुशेखर झा, देवेंद्र देवांगन, डॉ. शालिनी गुप्ता एवं हेमलता नायक रोहित सिंह , तेजपाल शर्मा, यशवर्धन राव ,सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स्वदेशी मेले के माध्यम से जगदलपुर में देश की विविधता, स्थानीय उद्यमिता और आत्मनिर्भर भारत की भावना का संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों ने शहरवासियों से 25 अक्टूबर तक लालबाग मैदान पहुंचकर मेले का अवलोकन करने तथा स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की आर्थिक मजबूती में सहभागी बनने की अपील की।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।