बस्तर दशहरा-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रवास कार्यक्रम को लेकर कमिश्नर डोमन सिंह ने तैयारियों का लिया जायजा

Oct 18, 2026 - 18:11
बस्तर दशहरा-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रवास कार्यक्रम को लेकर कमिश्नर डोमन सिंह ने तैयारियों का लिया जायजा
CG VARTA -

जगदलपुर, 18 अक्टूबर 2026/ विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के पावन अवसर पर आगामी 23 अक्टूबर को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सिरहासार भवन में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 'मुरिया दरबार' में शिरकत करेंगी। महामहिम के प्रस्तावित आगमन को लेकर रविवार को कमिश्नर  डोमन सिंह ने कलेक्टर  आकाश छिकारा तथा पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के साथ आयोजन से जुड़े प्रमुख स्थलों का सघन भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों की जमीनी समीक्षा की।

अधिकारियों के दल ने सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर दर्शन व्यवस्था व सुरक्षा प्रबंधों का अवलोकन किया, जिसके बाद वे सिरहासार भवन और लालबाग मैदान पहुंचे। सिरहासार भवन में मुरिया दरबार के पारंपरिक गरिमामयी स्वरूप और बैठक व्यवस्था का जायजा लिया गया, वहीं लालबाग मैदान में आयोजित होने वाली आमसभा तथा बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक वैभव को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनी की रूपरेखा परखी गई।

           इस निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना, नगर पुलिस अधीक्षक  सुमित कुमार, अपर कलेक्टर द्वय  सीपी बघेल व  दिलेराज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  सुखनंदन राठौर और नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

 कमिश्नर , कलेक्टर और एसपी ने संबंधित विभागों को मंच सज्जा, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और जनसुविधाओं से जुड़े सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि इस गरिमामयी आयोजन को गरिमामय ढंग से सुव्यवस्थित संपन्न कराया जा सके।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।