ग्राम पोटानार में कृषि छात्रों ने नुक्कड़ नाटक और मॉडल के जरिए दिया आधुनिक खेती का संदेश

कृषि सूचना केंद्र’ का शुभारंभ

Oct 24, 2026 - 21:33
ग्राम पोटानार में कृषि छात्रों ने नुक्कड़ नाटक और मॉडल के जरिए दिया आधुनिक खेती का संदेश
CG VARTA -

जगदलपुर, 24 अक्टूबर 2026/ कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर द्वारा ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पोटानार में एक दिवसीय कृषि जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि छात्रों ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए नुक्कड़ नाटक और जीवंत मॉडलों के माध्यम से आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के तौर-तरीकों को बेहद सरल ढंग से प्रस्तुत किया।

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत के सरपंच श्री संतोष मौर्य उपस्थित रहे, जबकि उप-सरपंच श्री बुधरू कश्यप, जनपद सदस्य श्री गंगाराम बघेल, पंच श्री महेंद्र ठाकुर, श्री रामप्रसाद मौर्य और शिक्षा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

आयोजन का मुख्य आकर्षण कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को मृदा स्वास्थ्य की देखभाल, रासायनिक खादों के संतुलित उपयोग और प्राकृतिक खेती के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही, किसानों तक नवीनतम कृषि पद्धतियों और वैज्ञानिक जानकारियों की निरंतर पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गांव में 'कृषि सूचना केंद्र' का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसके अंतर्गत छात्रों और वैज्ञानिकों ने गांव की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध प्राकृतिक व कृषि संसाधनों तथा स्थानीय चुनौतियों का गहन अध्ययन कर ग्रामीण विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के वैज्ञानिक एवं रावे-रेडी समन्वयक डॉ जेएल सलाम, सह-समन्वयक डॉ नीता मिश्रा, डॉ रेश्मा कौशल एवं डॉ थानेश्वर देवांगन ने उपस्थित किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का मार्गदर्शन दिया।

 इस अवसर पर स्थानीय कृषक श्री बुधराम मौर्य, श्री परदेशी राम कश्यप, श्री आनंद कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और पोटानार विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवन व खेती की जमीनी वास्तविकताओं का व्यावहारिक अनुभव कराने में सफल रहा, बल्कि वैज्ञानिकों, किसानों और युवा पीढ़ी के बीच ज्ञान के सार्थक आदान-प्रदान का एक मजबूत जरिया भी बना।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।