बस्तर में बाढ़ एवं बारिश प्रभावित परिवारों की मदद को आगे आया एनएमडीसी

कुरुषपाल, कोहकापाल, मालगांव, बाद धनौरा और बड़े चकवा समेत कई ग्राम पंचायतों में सीएसआर के तहत तिरपाल शीट्स का वितरण

Oct 29, 2026 - 20:53
बस्तर में बाढ़ एवं बारिश प्रभावित परिवारों की मदद को आगे आया एनएमडीसी
CG VARTA -

जगदलपुर, 29 अक्टूबर 2026 / पहले से बाढ़ की मार झेल रहे बस्तर के ग्रामीणों के लिए चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई बारिश ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ऐसे कठिन समय में एनएमडीसी लिमिटेड ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। कंपनी ने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत कुरुषपाल, कोहकापाल, मालगांव, बाद धनौरा और बड़े चकवा समेत कई ग्राम पंचायतों में में प्रभावित परिवारों को बारिश से बचाव के लिए सैकड़ों तिरपाल शीट्स वितरित कीं।

गुरुवार को ग्राम पंचायत बड़े चकवा में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर के माननीय सांसद श्री महेश कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने अपने कर कमलों से प्रभावित ग्रामीणों को तिरपाल शीट्स प्रदान की।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, जनपद सदस्य श्री रमेश कश्यप, बड़े चकवा की सरपंच श्रीमती जनक कश्यप, बोदरा के सरपंच कचरु कश्यप, श्री राम धर ठाकुर, महाजन बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

इससे पहले बुधवार को बकावंड ब्लॉक के ग्राम कुरुषपाल स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में भी राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सीएसआर के तहत प्रभावित परिवारों को तिरपाल शीट्स प्रदान की गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर के माननीय सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के विकास में एनएमडीसी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कंपनी द्वारा सीएसआर के तहत किए जा रहे कार्यों से क्षेत्र के लोगों को व्यापक लाभ मिला है। उन्होंने बाढ़ के दौरान एनएमडीसी द्वारा त्वरित पहल करते हुए चार मोटर बोट उपलब्ध कराने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाने में मदद मिली।

 इसके लिए उन्होंने कंपनी के सीएमडी अमिताभ मुखर्जी का खासतौर पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि बस्तर के लोगों के लिए सीएमडी विशेष लगाव रखते हैं जो प्रशंसनीय है।

इस दौरान एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के अधिशासी निदेशक श्री प्रमोद कुमार ने कहा कि कंपनी स्थानीय लोगों के हितों और कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

 एनएमडीसी की ओर से महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री एस. बाबजी ने बस्तर क्षेत्र में कंपनी द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी अपने परिचालन क्षेत्रों एवं आसपास के समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

प्राकृतिक आपदाओं और आपात परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए कंपनी स्थानीय प्रशासन एवं समुदायों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करती है। तिरपाल शीट्स का वितरण इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में ग्रामीण परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोहकापाल की सरपंच अंबाली बघेल एवं ग्राम पंचायत गुमडेल की सरपंच शर्मिला कश्यप भी उपस्थित थीं।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।