जगदलपुर में महापौर संजय पांडे ने बच्चों को 'दो बूंद जिंदगी की' पिलाकर की पल्स पोलियो महाअभियान की शुरुआत–
जगदलपुर, 21 दिसंबर 2025/ बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर के हृदय स्थल तिरंगा चौक पर रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का गरिमामयी आगाज हुआ। इस विशेष अवसर पर महापौर माननीय श्री संजय पांडे ने उपस्थित नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। महापौर ने बच्चों के स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

इस शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री और जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. पी.डी. बस्तिया और विश्व स्वास्थ्य संगठन की जिला प्रभारी डॉ. मीनल भी वहां मौजूद रहीं। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ मितानिन और बीएससी नर्सिंग की छात्राओं ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

स्वास्थ्य विभाग ने जगदलपुर शहर में इस बार 21 हजार 558 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का व्यापक लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने और हर बच्चे तक पहुंचने के लिए शहर के विभिन्न वार्डों में कुल 72 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, विभाग ने यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई है कि यात्रा कर रहे या भीड़भाड़ वाले इलाकों में मौजूद बच्चे दवा पीने से वंचित न रहें। इसके लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, संजय बाजार, होटल्स और क्लिनिक्स जैसे व्यस्त स्थानों के लिए एक विशेष मोबाइल टीम का गठन किया गया है, जो भ्रमण कर बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करेगी।