जगदलपुर में 11 जनवरी को होगी रसायनज्ञ भर्ती परीक्षा –796 अभ्यर्थी होंगे शामिल
परीक्षार्थियों को जूते-मोजे और बेल्ट पर रोक
जगदलपुर, 2 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा पर्यावरण संरक्षण मंडल के अंतर्गत रिक्त पदों के लिए रसायनज्ञ भर्ती परीक्षा का आयोजन आगामी रविवार 11 जनवरी को किया जाएगा। बस्तर जिला प्रशासन ने इस परीक्षा के सुचारू और नकल रहित संचालन के लिए कमर कस ली है और इस संबंध में परीक्षार्थियों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 01:15 बजे तक निर्धारित है, जिसके लिए जगदलपुर शहर में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 796 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इन केंद्रों में शासकीय दंतेश्वरी पी.जी. महिला महाविद्यालय, शांति नगर में 420 और शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल क्र-01 में 376 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर के माध्यम से प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच की जाएगी, जिसके बाद वीक्षकों द्वारा प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा। परीक्षार्थियों को अपने साथ इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र की साफ प्रति और एक मूल पहचान पत्र लाना आवश्यक होगा। यदि प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है, तो परीक्षार्थी को अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी लानी होगी, अन्यथा उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
व्यापम ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पहनावे को लेकर बेहद सख्त नियम लागू किए हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में केवल हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट और हल्के कपड़े पहनकर आने की अनुमति होगी। इसके अलावा, पैरों में जूते और मोजे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे, इसलिए सभी को केवल चप्पल पहनकर ही आना होगा। परीक्षा कक्ष के भीतर किसी भी प्रकार के आभूषण जैसे बाली, झुमका, घड़ी, पर्स, मोबाइल, बेल्ट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, हाथ में कड़ा या धागे, स्कार्फ, टोपी और चश्मा ले जाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी परीक्षार्थी को बख्शा नहीं जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री नंदनी साहू को नोडल अधिकारी, शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव को समन्वयक और सहायक प्राध्यापक डॉ अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक नियुक्त किया गया है।