लक्ष्मी गणेश राइस मिल सील–प्रशासन की कड़ी कार्यवाही

धान की रीसाइक्लिंग पर प्रशासन की कड़ी कार्यवाही,धान के साथ पिकअप जब्त

Jan 6, 2026 - 17:04
लक्ष्मी गणेश राइस मिल सील–प्रशासन की कड़ी कार्यवाही
CG VARTA -

जगदलपुर, 06 जनवरी 2026/ धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अवैध रीसाइक्लिंग पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री हरिस एस के निर्देशानुसार बकावंड में कड़ी कार्रवाई की गई है। क्षेत्र के लक्ष्मी गणेश राइस मिल मूली से धान की रीसाइक्लिंग किए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने मिल की गहन जांच की, जिसमें अनियमितताओं की पुष्टि होने पर मिल को सील कर दिया गया है।

            इस पूरी कार्यवाही की जानकारी देते हुए बकावंड के अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री मनीष वर्मा ने बताया कि जांच दल ने जब मिल के दस्तावेजों को खंगाला, तो कांटा पंजी में वाहन क्रमांक सीजी 17 केटी 0804 को धान सहित तौलने के स्पष्ट साक्ष्य प्राप्त हुए। दस्तावेजों में मिली यह जानकारी मिल से धान रीसाइकिल किए जाने की पुष्टि करने के लिए पर्याप्त थी। जांच के दौरान राइस मिल के पार्टनर अमित गुप्ता मौके पर उपस्थित थे। नियमों के उल्लंघन और साक्ष्य मिलने के बाद प्रशासन द्वारा कड़ा रुख अपनाते हुए अग्रिम जांच तक मिल में भंडारित 3000 क्विंटल धान और 870 क्विंटल चावल के साथ राइस मिल को सील कर दिया गया है।

              प्रशासन की यह कार्रवाई केवल मिल परिसर तक ही सीमित नहीं रही। जांच में जिस वाहन क्रमांक सीजी 17 केटी 0804 का उल्लेख मिला था, उसे ग्राम मूली में रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर वहां से तौल पत्रक की प्रति भी बरामद हुई, जो इस अवैध गतिविधि का पुख्ता प्रमाण था। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 27.60 क्विंटल धान के साथ उक्त वाहन को जब्त कर बकावंड थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।