शुद्ध पेयजल, पेयजल सप्लाई से पूर्व अनिवार्य रूप से होता है जल परीक्षण –सुरेश गुप्ता
17 में से 15 टंकियों की सफाई पूर्ण, 2 में कार्य प्रगति पर नगर निगम पूरी जिम्मेदारी से शहर को उपलब्ध करा रहा है ।
8 जनवरी 2026 जगदलपुर: नगर निगम जगदलपुर द्वारा शहरवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक मानकों का पालन किया जा रहा है। नगर निगम के जलापूर्ति विभाग के अंतर्गत शहर में कुल दो फिल्टर प्लांट (एक पुराना एवं एक आधुनिक) तथा 17 जल टंकियां संचालित हैं।
पुराने फिल्टर प्लांट से प्रतिदिन 4 एमएलटी तथा नए आधुनिक फिल्टर प्लांट से 9 एमएलटी पानी की आपूर्ति की जाती है। इसके अतिरिक्त बोर एवं अन्य माध्यमों से लगभग 5.5 एमएलटी पानी की सप्लाई होती है। इस प्रकार कुल 17.5 एमएलटी पानी प्रतिदिन शहरवासियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि दोनों फिल्टर प्लांट से होने वाली 13 एमएलटी जलापूर्ति से पूर्व 24 घंटे में 6 बार पानी के सैंपल लिए जाते हैं, जिन्हें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा जाता है।
ट्रीटमेंट प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही मानकयुक्त शुद्ध जल की सप्लाई नगर निगम द्वारा की जाती है।
उन्होंने बताया कि फिल्टर प्लांट एवं जल टंकियों की सफाई का कार्य विशेष रूप से गर्मी के मौसम में कराया जाता है तथा यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहती है। समय-समय पर निगम के कुशल श्रमिकों द्वारा फिल्टर प्लांट से सिल्ट भी हटाई जाती है।
महापौर संजय पांडे के निर्देश पर जल कार्य विभाग द्वारा शहर की 17 जल टंकियों की सफाई हेतु निविदा 20 जुलाई 2025 को जारी की गई थी, जिसके अंतर्गत 20 अगस्त 2025 को कार्यादेश प्रदान किया गया। इस निविदा के तहत अब तक 15 टंकियों की सफाई पूर्ण कर ली गई है, जबकि 2 टंकियों में कार्य प्रगति पर है।
पूर्व में 08 अगस्त 2023 को 182.4 लाख लीटर क्षमता वाली 17 टंकियों की सफाई 42 पैसे प्रति लीटर की दर से कराई गई थी, जिस पर ₹38,30,400 व्यय हुआ था। वहीं वर्तमान निविदा (20 अगस्त 2025) में 13.5 पैसे प्रति लीटर की दर से कुल ₹24,62,400 का ही व्यय प्रस्तावित है। इस प्रकार पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से नगर निगम को लगभग ₹14 लाख की बचत हुई है।
जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता ने कहा कि नगर निगम द्वारा जल टंकियों एवं फिल्टर प्लांट की नियमित सफाई के साथ-साथ किसी भी वार्ड से पेयजल संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित निराकरण किया जाता है।