किसानों को बड़ी राहत, एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन और सुधार हेतु फिर मौका
15 जनवरी तक होंगे पंजीयन एवं सुधार
जगदलपुर, 09 जनवरी 2026/ राज्य शासन ने प्रदेश के अन्नदाताओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग ने एकीकृत किसान पोर्टल को पुनः सक्रिय करते हुए विभिन्न कार्यों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर दी है। किसानों की मांग को देखते हुए 15 जनवरी तक पंजीयन एवं सुधार का फैसला लिया गया है, ताकि खसरा, रकबा सुधार और नवीन पंजीयन जैसे रुके हुए कार्य समय रहते पूर्ण किए जा सकें।
शासन द्वारा जारी नवीन निर्देशों के मुताबिक आगामी 15 जनवरी 2026 तक समितियों में 'कैरी फॉरवर्ड' की प्रक्रिया, वन अधिकार पट्टाधारी कृषकों का नया पंजीयन और त्रुटिपूर्ण आधार वाले पुराने पंजीयन को निरस्त कर नए सिरे से पंजीयन करने का कार्य पूरा किया जाएगा। साथ ही राजस्व विभाग द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन और गिरदावरी के आधार पर जिला कलेक्टर की अनुशंसा वाले नवीन पंजीयन भी इसी समय-सीमा यानी 15 जनवरी तक ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शासन ने आंकड़ों में संशोधन के लिए थोड़ा और वक्त दिया है। यदि किसी किसान के विवरण में किसी प्रकार का सुधार आवश्यक है, तो यह कार्य 31 जनवरी 2026 तक किया जा सकेगा। राज्य शासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त अवधि तक जरूरतमंद किसानों को लाभान्वित करें, ताकि कोई भी पात्र किसान शासकीय योजनाओं और धान उपार्जन की सुविधाओं से वंचित न रहे। जिला प्रशासन द्वारा जिले के जरूरतमंद किसानों से निर्धारित समय के भीतर अपनी संबंधित समिति में जाकर इन जरूरी कार्यों को करवाने का आग्रह किया गया है।