बस्तर में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां, गरिमामय आयोजन हेतु समयपूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश

Jan 13, 2026 - 18:29
बस्तर में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां, गरिमामय आयोजन हेतु समयपूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश
CG VARTA -

जगदलपुर, 13 जनवरी 2026/  जिला प्रशासन ने आगामी 26 जनवरी 2026 को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इस वर्ष भी जिला मुख्यालय जगदलपुर में राष्ट्रीय पर्व पूरी गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह का आयोजन शहर के ऐतिहासिक लालबाग परेड ग्राउंड में किया जाएगा, जहां सुबह 9 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और परेड की सलामी ली जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया जाएगा। गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री हरिस एस की अध्यक्षता में मंगलवार 13 जनवरी को आयोजित बैठक में सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही सभी तैयारियां समयपूर्व सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए। लालबाग मैदान में होने वाली परेड में जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एसएएफ की टुकड़ियों के साथ-साथ सीआरपीएफ के जवान भी शामिल होंगे। परेड को उत्साह के साथ शानदार बनाने के लिए 12 जनवरी से अभ्यास शुरू कर दिया गया है, जो 24 जनवरी को सुबह 9 बजे होने वाली फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल तक जारी रहेगा। 

        

          समारोह को आकर्षक एवं गरिमामय बनाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं पर आधारित चलित झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसमें पुलिस, वन विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, और नगर निगम सहित कुल 19 विभागों की झांकियां शामिल होंगी, जो शासन की जनकल्याणकारी नीतियों को दर्शाएंगी। इसके अलावा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा 30 मिनट का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इस राष्ट्रीय पर्व के उल्लास को दर्शाने के लिए 25 और 26 जनवरी को जिले के सभी शासकीय भवनों और स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।