बस्तर की लोक संस्कृति का महाकुंभ बस्तर पण्डुम-2026 –जगदलपुर के सिटी ग्राउंड में 28 जनवरी को सजेगा मंच

Jan 14, 2026 - 21:54
बस्तर की लोक संस्कृति का महाकुंभ बस्तर पण्डुम-2026 –जगदलपुर के सिटी ग्राउंड में 28 जनवरी को सजेगा मंच
CG VARTA -

जगदलपुर, 14 जनवरी 2026/ बस्तर की अनूठी जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोककला को सहेजने तथा उसे विश्व पटल पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा की गई पहल के अंतर्गत बुधवार 28 जनवरी को जगदलपुर के सिटी ग्राउंड परिसर में बस्तर पण्डुम-2026 के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। संस्कृति विभाग के निर्देशों के परिपालन में जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है, जिसका उद्देश्य जनजातीय कलाकारों को प्रोत्साहन देना और उन्हें सम्मानित करना है। यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बस्तर की समृद्ध विरासत का प्रदर्शन सहित संरक्षण और संवर्धन की दिशा में सकारात्मक प्रयास है। इसमें स्थानीय कला, शिल्प, तीज-त्यौहार, पारंपरिक खान-पान, बोली-भाषा और रीति-रिवाजों का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। दर्शकों को यहां पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, वाद्ययंत्र, लोक नृत्य, गीत-संगीत और नाट्य विधाओं के साथ-साथ आंचलिक साहित्य और वनौषधियों के मूल स्वरूप को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।  

         कलेक्टर श्री हरिस एस द्वारा उक्त जिला स्तरीय कार्यक्रम के सुचारू और सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपी गई है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन को इस सम्पूर्ण आयोजन का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास) श्री गणेश राम सोरी सहायक नोडल अधिकारी का दायित्व देखेंगे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वय के साथ ही दूर-दराज से आने वाले प्रतिभागियों को आयोजन स्थल तक लाने और उनके भोजन-जलपान की व्यवस्था के लिए पृथक-पृथक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।