नशीली कैप्सूल के साथ महादेव घाट का युवक गिरफ्तार–बोधघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
17 जनवरी 2026, जगदलपुर/ बस्तर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बोधघाट क्षेत्र से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ट्रामोडोल स्पास्मो प्रॉक्सीवोन की 30 पत्तियां (240 नग) बरामद की हैं, जिनका कुल वजन 160.8 ग्राम और अनुमानित खुदरा कीमत करीब 12.86 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद सिराज (29), निवासी महादेव घाट शिव मंदिर वार्ड, थाना कोतवाली, जगदलपुर है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और वर्ष 2023 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है।
मुखबिर की सूचना पर मिशन ग्राउंड स्कूल के पीछे घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।