कलेक्टर परिसर में गंदगी और शराब की बोतलों का अंबार, खुले ट्रांसफार्मर से सुरक्षा पर सवाल
23 जनवरी 2026 जगदलपुर/जिले के प्रशासनिक मुख्यालय माने जाने वाले कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कार्यालय परिसर में अव्यवस्था और गंदगी की तस्वीरें सामने आई हैं। परिसर के विभिन्न हिस्सों में बीयर, शराब व अन्य मादक पेय पदार्थों की खाली बोतलें, प्लास्टिक कचरा और निर्माण अपशिष्ट फैला हुआ पाया गया, जिससे स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत उजागर होती दिख रही है।

परिसर में कई स्थानों पर खुला ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरण भी देखे गए, जो आम नागरिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा माने जा रहे हैं। कार्यालय आने वाले आमजन, अधिवक्ता एवं कर्मचारी प्रतिदिन इसी परिसर से गुजरते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक कार्यालय का यह हाल है, तो अन्य शासकीय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

नए कलेक्टर ने लिया संज्ञान–

मामले के संज्ञान में आने के बाद जिले के नवपदस्थ कलेक्टर श्री आकाश बोले ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि—
. कलेक्टर परिसर में तत्काल और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
. परिसर में शराब सेवन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
. सुरक्षा गार्डों को अलर्ट मोड में रखा जाएगा
. खुले ट्रांसफार्मर एवं अन्य खतरनाक स्थानों को सुरक्षित किया जाएगा।
. कलेक्टर ने कहा कि शासकीय परिसरों में अनुशासन और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें
अब देखना यह होगा कि दिए गए निर्देश कितनी शीघ्रता और प्रभावी ढंग से ज़मीन पर उतरते हैं। आम नागरिकों को उम्मीद है कि कलेक्टर परिसर जल्द ही स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण का उदाहरण बनेगा।