सीजीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रविवार 22 फरवरी को , बस्तर के 7 केंद्रों में जुटेंगे 2841 अभ्यर्थी

Feb 21, 2026 - 14:23
Feb 21, 2026 - 14:26
सीजीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रविवार 22 फरवरी को , बस्तर के 7 केंद्रों में जुटेंगे 2841 अभ्यर्थी
CG VARTA -

जगदलपुर, 21 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 के लिए बस्तर जिले में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रविवार 22 फरवरी को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में जिले के कुल 2841 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे, जिनके लिए जगदलपुर शहर के 7 प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रशासन ने परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए हैं।

                 सबसे अधिक 541 परीक्षार्थी शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धरमपुरा-02 में परीक्षा देंगे। जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 500 अभ्यर्थी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 (गीदम नाका) और स्वामी विवेकानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल (संजय मार्केट रोड) प्रत्येक केंद्र पर 400-400 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय और शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 300-300 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

        सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों की संख्या के अनुपात में पुलिस बल तैनात रहेगा। जहाँ 400 से अधिक अभ्यर्थी हैं, वहाँ 03 पुरुष और 03 महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी मेटल डिटेक्टर के साथ लगाई गई है। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 03 बजे से शाम 05 बजे तक चलेगी। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व मेटल डिटेक्टर के माध्यम से अभ्यर्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाएगी ताकि परीक्षा पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

                परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में विशेष उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दल प्रभारी बनाया गया है, जिनमें बकावण्ड तहसीलदार श्रीमती जागेश्वरी पोयाम, नानगुर तहसीलदार श्रीमती दीपिका देहारी और बस्तर तहसीलदार श्रीमती जॉली जेम्स शामिल हैं। 

  परीक्षार्थियों के लिए सीजीपीएससी ने जारी किए निर्देश

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने परीक्षाओं में शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कड़े स्थाई निर्देश जारी किए हैं। आयोग के नए नियमों के मुताबिक, परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए ड्रेस कोड से लेकर प्रवेश के समय तक व्यापक बदलाव किए गए हैं। अब अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में जूते या मोटे सोल वाले फुटवियर पहनकर प्रवेश नहीं कर सकेंगे; उन्हें केवल पतले सोल वाली चप्पलें या स्लीपर पहनने की ही अनुमति होगी। कपड़ों के चयन में भी सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े ही मान्य होंगे। गहरे रंग जैसे काला, गहरा नीला, मैरून या बैंगनी रंग के कपड़े पहनना पूरी तरह वर्जित रहेगा। इसके अतिरिक्त, कार्गो और डिजाइनर कपड़ों पर भी रोक लगा दी गई है, हालांकि अभ्यर्थी सामान्य जींस पैंट पहनकर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।  

           महिला अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत वे आधी बांह वाली कुर्ती, सलवार और दुपट्टा पहन सकती हैं। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र धारण करने की छूट दी गई है, लेकिन इसकी भी केंद्र पर गहन जांच की जाएगी। परीक्षा हॉल के भीतर अनुशासन को लेकर आयोग बेहद सख्त है; किसी भी प्रकार की घड़ी (मैकेनिकल या स्मार्ट वॉच), मोबाइल फोन, कैलकुलेटर या अन्य संचार साधन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि किसी अभ्यर्थी के पास ये उपकरण पाए जाते हैं, तो उन पर अनुचित साधनों के प्रयोग का मामला दर्ज किया जाएगा, भले ही उन्होंने उसका उपयोग न किया हो। नजर के चश्मे के अलावा अन्य किसी भी प्रकार के गॉगल्स या डिजिटल चश्मे पहनने की अनुमति नहीं होगी।  

                 समय प्रबंधन और सुरक्षा जांच को लेकर भी निर्देश स्पष्ट हैं। सभी अभ्यर्थियों को प्रत्येक पाली की परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा ताकि मेटल डिटेक्टर से उनकी सघन तलाशी और पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ केवल पारदर्शी पानी की बोतल, एडमिट कार्ड, मूल पहचान पत्र और नीले या काले बॉलपाइंट पेन ले जाने की अनुमति होगी। यदि प्रवेश पत्र में फोटो अस्पष्ट है, तो उन्हें दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखने होंगे। सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों पर जैमर का भी उपयोग किया जाएगा।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।