वीर सावरकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और विधायक श्री किरण सिंह देव हुए शामिल

कृषक उन्नति योजनांतर्गत जिले के 40 हजार से ज्यादा किसानों को 205 करोड़ 95 लाख रूपए की राशि बैंक खातों में हस्तांतरित

Feb 28, 2026 - 22:35
वीर सावरकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और विधायक श्री किरण सिंह देव हुए शामिल
CG VARTA -

जगदलपुर, 28 फरवरी 2026/ राज्य सरकार ने शनिवार को कृषक उन्नति योजना के माध्यम से जिले के किसानों की झोली खुशियों से भर दी। जगदलपुर के वीर सावरकर भवन में आयोजित आदान सहायता कार्यक्रम एवं वृहद किसान सम्मेलन में जिले के 40,667 किसानों को 205.95 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की लगभग 25 लाख किसानों को 10 हजार 328 करोड़ रुपए से अधिक राशि को किसानों के खातों में हस्तांतरित किया। इस दौरान जगदलपुर में बिलासपुर जिले के कार्यक्रम को वर्चुअल तौर पर देखा गया। जहां मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों से संवाद कर उन्हें समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतर राशि मिलने सहित होली त्योहार की हार्दिक बधाई दी।

          जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने अपने वादे के मुताबिक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतर की राशि को एकमुश्त देकर किसानों की होली त्योहार की खुशी को दुगुनी कर दी है। राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए संवेदनशील होकर पहल कर रही है और वर्तमान बजट में भी उनकी सहायता के लिए अनेक किसान हितैषी प्रावधान किया गया है। जिससे किसानों को उन्नत खेती किसानी के लिए सहूलियत होगी। उन्होंने सहकार से समृद्धि को रेखांकित करते हुए कहा कि बस्तर में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने सहित लघु वनोपज संग्रहण एवं प्रसंस्करण के लिए सहकारी समितियों एवं महिला स्व सहायता समूहों को हरसंभव मदद देने, सिंचाई संसाधनों को बेहतर बनाने प्रयास किया जा रहा है ताकि यहां के निवासियों की आमदनी बढ़े और बस्तर की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो। उन्होंने बस्तर की बेहतरी और तरक्की में समाज की व्यापक सहभागिता पर जोर देते हुए इस दिशा में सभी को मिलजुल कर कार्य करने का आव्हान किया। इस मौके पर स्थानीय विधायक श्री किरण देव ने हल्बी में संबोधित करते हुए किसानों को होली त्योहार की हार्दिक बधाई दी और कहा कि हमारी सरकार के निर्णय से किसानों के परिवारों में उत्सव का माहौल है उनकी होली की खुशियां बढ़ गई है। यह हमारी सरकार की किसान हितैषी सकारात्मक प्रयास है। इस दौरान अतिथियों द्वारा किसानों को आदान सहायता राशि प्रदाय प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

     

    वीर सावरकर भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य, जगदलपुर विधायक श्री किरण देव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदलपुर महापौर श्री संजय पांडे, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप, जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री कामदेव बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

        जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मोटा धान पर 731 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में अंतरित की गई है। इस योजना का सर्वाधिक लाभ बकावण्ड और बस्तर ब्लॉक के किसानों को मिल रहा है, जहाँ क्रमशः 67.90 करोड़ रुपए और 55.78 करोड़ रुपए की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में अंतरित की गई।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।