बस्तर जिले के बस्तर में आयोजित संभाग स्तरीय वृहद महतारी वंदन सम्मेलन में हजारों माताओं-बहनों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
महतारी वंदन योजना की 25 वीं किश्त को हितग्राहियों के खाते में किया हस्तांतरित
जगदलपुर, 08 मार्च 2026/ जिले के विकासखंड मुख्यालय बस्तर में आयोजित संभाग स्तरीय वृहद महतारी वंदन सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दी और महतारी वंदन योजना की 25 वीं किश्त को हितग्राहियों के खाते में हस्तांतरित करने की बधाई देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना से माताओं और बहनों का आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है। इस योजना को दो साल पूरे हुए हैं । लगातार चौबीस किश्त के बाद आज योजना के सत्तर लाख हितग्राहियों के खातों में एक-एक हजार रुपए जारी किए हैं जो कि 25 वीं किश्त की राशि महतारी और बहनों के बैंक खातों में 641 करोड़ 58 लाख रुपए हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन हेतु बजट में भी 8 हजार दो सौ करोड़ का प्रावधान किया जाने की जानकारी दी। प्रदेश भर के महिला हितग्राहियों से योजना के राशि का उपयोग के संबंध में संवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सुखद अनुभव है कि कोई माता महतारी वंदन योजना की राशि को अपनी बेटी के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खोली, कोई सिलाई मशीन खरीद कर कपड़े सिलाई करते हुए परिवार को आर्थिक सहायता दे रही है, कोई हितग्राही छोटे होटल को बड़े होटल का स्वरूप देकर दस से पंद्रह हजार रुपए कमा रही हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट का भी शुभारंभ किया। इस मिलेट कार्ट में पुनर्वासित महिलाओं को जोड़ा गया है, जिनको कृषि कालेज के द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है । मिलेट कार्ट में मिलेट (अन्नश्री) से खाद्य सामग्री बनाकर विक्रय करेंगीं, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। इसके साथ ही महिलाओं को पशुपालन से जोड़कर बस्तर-सरगुजा क्षेत्र में ग्रामीणों के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने सार्थक प्रयास किया जा रहा है क्योंकि ग्रामीण जनजीवन में पशुधन का अपना महत्व है, इसके लिए बजट में प्रावधान रखा गया है। महिला स्व सहायता समूहों को रोजगार का अवसर, ग्राम पंचायतों में महिलाओं को विपणन के लिए महतारी सदन का निर्माण, लखपति पहल योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। कल रायपुर में लखपति पहल योजना के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें प्रदेश की सभी लखपति दीदी पहुंची थीं, इसके अलावा अन्य क्षेत्र में काम करने वाली दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। दीदियाँ आर्थिक सशक्त हो रही हैं, सरकार इसके लिए हरसंभव प्रयास कर रही है ।

वृहद महतारी वंदन सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने उपस्थित माताओं एवं बहनों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार गठित होने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को लागू करने पर ध्यान केंद्रित किया और इसी कड़ी में महिलाओं को महतारी वंदन योजना से सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय भी था। जिससे राज्य के करीब 70 लाख माताएं एवं बहनें लाभान्वित हो रही है। यह योजना महिलाओं को घर परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। सरकार महिलाओं को छत्तीसगढ़ महिला कोष, सक्षम योजना से स्वरोजगार स्थापित करने लाभान्वित कर रही है।

सक्षम योजना से आज यहां पर पांच पुनर्वासित महिलाओं को स्वरोजगार के लिए रियायती ब्याज दर पर एक-एक लाख रुपए का ऋण दिया गया है जिससे समाज की मुख्यधारा में शामिल इन बहनों को आर्थिक तौर पर सक्षम होने में मदद मिलेगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि आज हमारी माताएं बहनें हर क्षेत्र में श्रेष्ठता साबित कर रही हैं चाहे वह जनप्रतिनिधि का दायित्व हो या प्रशासन, पुलिस, सेना अथवा व्यवसाय सभी में अपनी अहम भूमिका निभा रही हैं। हमारी माताएं-बहनें समाज को कुपोषण मुक्त बनाने सहित नशामुक्ति, बाल विवाह एवं अन्य कुरीतियों से जागरूक करने के लिए सकारात्मक प्रयास कर रही हैं। इस मौके पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने स्थानीय हल्बी बोली में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई दी और महतारी वंदन योजनांतर्गत 25 वीं किश्त की सहायता राशि मिलने के लिए महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को सशक्त करने हेतु लगातार प्रयास कर रही है।

महतारी वंदन योजना के अंतर्गत नियमित रूप से हर महीने सहायता राशि प्रदाय करना अपने वादे के प्रति वचनबद्धता है। साथ ही विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से महिलाओं को लाभान्वित करने हेतु प्राथमिकता दे रही है, जिसके फलस्वरूप प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। इस अवसर पर विधायक जगदलपुर श्री किरण देव ने माताओं-बहनों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार महिला सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं का कारगर क्रियान्वयन से अब हमारी माताएं और बहनें घर परिवार को खुशहाल बनाने में जुटी हैं और प्रदेश के विकास में अहम योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम के आरंभ में सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती शम्मी आबिदी ने बताया कि आज महतारी वंदन योजनांतर्गत 25 वीं किश्त की सहायता राशि सीधे हितग्राही महिलाओं के बैंक खाते में अंतरित किया जा रहा है। इस वृहद महतारी वंदन सम्मेलन के साथ ही प्रदेश के धमतरी, चांपा-जांजगीर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मानपुर-मोहल्ला-चौकी एवं सरगुजा जिले में आयोजित महतारी सम्मेलन से हितग्राही महिलाएं वर्चुअल तौर पर जुड़कर संवाद करेंगी। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से दी जाने वाली सहायता के बारे में भी विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

कार्यक्रम में पाँच पुनर्वासित महिलाओं को महिला एवं बाल विकास विभाग के सक्षम योजना के तहत स्व रोजगार के लिए एक-एक लाख रुपए का चेक वितरण किया। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की सफलता की कहानी पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया गया। महतारी वंदन योजना के हितग्राही महिलाओं द्वारा मुख्यमंत्री को फलों की टोकरी एवं धुरवा तुवाल भेंटकर महतारी वंदन योजना से सहायता प्रदान करने हेतु आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम आटामी, ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, महापौर श्री संजय पांडेय, राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बस्तर श्री दिनेश कश्यप एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ रेणुका श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।