जिला आयुर्वेद चिकित्सालय और महारानी अस्पताल की आयुष विंग प्रदेश में प्रथम

कायाकल्प आयुष में बस्तर ने लहराया परचम

Mar 11, 2026 - 21:16
जिला आयुर्वेद चिकित्सालय और महारानी अस्पताल की आयुष विंग प्रदेश में प्रथम
CG VARTA -

जगदलपुर, 11 मार्च 2026/ बस्तर जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया, जब छत्तीसगढ़ शासन के कायाकल्प आयुष कार्यक्रम के अंतर्गत जगदलपुर की दो प्रमुख स्वास्थ्य संस्थाओं ने पूरे प्रदेश में अपना परचम लहराया। राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत संचालित इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद चिकित्सालय जगदलपुर और महारानी शासकीय आयुष विंग ने अपनी-अपनी श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि संस्थान की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, भवन रखरखाव सहित परिसर के सौंदर्यीकरण और मरीजों को दी जाने वाली उच्च स्तरीय सेवा गुणवत्ता के कड़े मानकों पर खरा उतरने के बाद हासिल हुई है।

             इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जगदलपुर के इन अस्पतालों द्वारा जनस्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और इसे अन्य जिलों के लिए एक प्रेरणा बताया। इस गरिमामय अवसर पर स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया और आयुष संचालक श्रीमती संतनदेवी जांगड़े भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं, जिनकी उपस्थिति ने इस सम्मान के महत्व को और बढ़ा दिया।

           प्रदेश स्तर पर मिली इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहनीश साहू के कुशल मार्गदर्शन और आयुर्वेदिक अस्पताल के समर्पित चिकित्सकों एवं समस्त स्टाफ की कड़ी मेहनत को जाता है। पुरस्कार ग्रहण करने के बाद उक्त दोनों संस्थानों के चिकित्सकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनके प्रयासों की पहचान है, बल्कि भविष्य में मरीजों को और अधिक बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के संकल्प को मजबूती प्रदान करता है।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।