शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय जगदलपुर में प्राध्यापक विकाश कार्यक्रम आयोजन किया गया
11 मार्च 2026 को शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, जगदलपुर में आयोजित प्राध्यापक विकास कार्यक्रम के पाँचवें दिवस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में विशिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. डी. वी. प्रसाद, सह प्राध्यापक, दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा “लैंगिक समानता के आयाम तथा सामाजिक, आर्थिक एवं भावनात्मक सहअस्तित्व के संदर्भ” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। अपने व्याख्यान में उन्होंने नारीवाद की अवधारणा, वर्तमान पीढ़ी के संदर्भ में महिलाओं की समानता तथा लैंगिक समानता के विभिन्न आयामों को स्पष्ट किया।
साथ ही उन्होंने विश्व स्तर पर हुए अनेक आंदोलनों जैसे फोर-बी आंदोलन तथा जिन ज्यादा आज़ादी आंदोलन आदि के उदाहरणों के माध्यम से लैंगिक समानता के सामाजिक, आर्थिक और भावनात्मक पक्षों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में गतिविधि आधारित सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. जे.सी. अजवानी, मनोवैज्ञानिक, रायपुर उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ विभिन्न गतिविधियाँ कराते हुए मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला तथा यह बताया कि किसी भी प्रकार के विवाद या टकराव की स्थिति में बिना किसी को आहत किए अपनी बात को प्रभावी ढंग से किस प्रकार प्रस्तुत किया जा सकता है।
इस दौरान प्रतिभागियों को दो समूहों में विभाजित कर यह चर्चा भी कराई गई कि लैंगिक संवेदनशीलता हमारे परिवार और समाज में किस सीमा तक विकसित हो पाई है। साथ ही समूह चर्चा के माध्यम से एक सामूहिक वक्तव्य तैयार करने के सुझाव भी दिए गए।
आज के कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. गुलाब साहू द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन सुश्री जीविदा कोशले द्वारा किया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रंजना नाथ एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. योगेन्द्र मोतीवाला, भुवनेश्वर कुमार तथा डॉ. श्यामाचरण के सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अध्यापकगण तथा ऑनलाइन प्रतिभागी उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में जुड़े रहे।