शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, जगदलपुर में आयोजित सात दिवसीय प्राध्यापक विकास कार्यक्रम के छठवें दिवस का आयोजन सम्पन्न

Mar 13, 2026 - 09:09
शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, जगदलपुर में आयोजित सात दिवसीय प्राध्यापक विकास कार्यक्रम के छठवें दिवस का आयोजन सम्पन्न
CG VARTA -

12 मार्च 2026, जगदलपुर / आज शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, जगदलपुर में आयोजित सात दिवसीय प्राध्यापक विकास कार्यक्रम के छठवें दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. हेमा कुलकर्णी, स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय, धनौरा, जिला दुर्ग द्वारा “परिवारों के विघटन के कारण एवं सुधारात्मक उपाय” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। अपने व्याख्यान में उन्होंने परिवारों के विघटन के विभिन्न सामाजिक, आर्थिक तथा मनोवैज्ञानिक कारणों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने पारिवारिक संबंधों में संवाद, आपसी समझ, सहनशीलता तथा सामाजिक मूल्यों के महत्व को बताते हुए परिवार में सामंजस्य और स्थिरता बनाए रखने के लिए आवश्यक सुधारात्मक उपायों की जानकारी दी। उनके विचारों ने उपस्थित प्रतिभागियों को परिवार और समाज की भूमिका पर गंभीरता से विचार करने के लिए प्रेरित किया।

               कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में विशिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. मेघा अग्रवाल द्वारा “लैंगिक संवेदनशीलता में शिक्षा की भूमिका” विषय पर व्याख्यान दिया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में बताया कि शिक्षा के माध्यम से समाज में समानता, जागरूकता तथा समावेशिता को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा न केवल ज्ञान प्रदान करती है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और लैंगिक समानता की भावना को विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उनके विचारों एवं अनुभवों ने इस सत्र को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बनाया।

               इस पूरे कार्यक्रम का सफल मंच संचालन सुश्री ज्योति त्रिपाठी द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती वैष्णवी मांडवी के द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रंजना नाथ तथा वरिष्ठ अध्यापक डॉ. योगेंद्र मोतीवाला, डॉ. भुवनेश्वर कुमार एवं डॉ श्यामाचरण ओगरे के सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा ऑफ़लाइन और ऑनलाइन माध्यम से जुड़े प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।