बस्तर जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक संपन्न
जगदलपुर, 13 मार्च 2026/ जिला पंचायत बस्तर के सभा कक्ष में शुक्रवार 13 मार्च को सामान्य सभा की बैठक आयोजित हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप की अध्यक्षता और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाहियों की पुष्टि के साथ हुई, जिसके बाद बारी-बारी से विभिन्न विभागों के एजेंडों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कृषि विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के रबी फसल के रकबे और विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किसानों की जानकारी साझा की गई। शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए आगामी सत्र के लिए जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत हेतु कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों ने आश्रम-छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया। आदिवासी विकास विभाग के माध्यम से छात्रावासों में शौचालयों व स्नानागारों की मरम्मत की आवश्यकता पर बल दिया गया। बैठक में उपाध्यक्ष श्री बलदेव मण्डावी सहित जिला पंचायत के सदस्य और विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्षों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।